निगरानी विभाग के कांस्टेबल की 13 प्लॉट व मकान की संपत्ति पर चलेगा कानून का चाबुक, कोर्ट का सख्त आदेश

निगरानी विभाग के कांस्टेबल शशि भूषण प्रसाद और उनके परिवार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में न्यायालय ने पटना डीएम को 30 दिनों के भीतर संपत्ति जब्त करने का निर्देश दिया है।

आय से अधिक संपत्ति मामले में निगरानी कांस्टेबल पर शिकंजा, 30 दिन में जब्ती का आदेश- फोटो : Reporter

पटना में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई के बीच निगरानी विभाग के ही एक कांस्टेबल शशि भूषण प्रसाद और उनके परिवार से जुड़े आय से अधिक संपत्ति का मामला सामने आया है। इस प्रकरण में माननीय न्यायालय ने सख्त रुख अपनाते हुए पटना जिलाधिकारी (डीएम) को 30 दिनों के भीतर संबंधित संपत्तियों को जब्त करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।


2019 में दर्ज हुई थी शिकायत, 2021 में विशेष कोर्ट में आवेदन

जानकारी के अनुसार, कांस्टेबल शशि भूषण प्रसाद और उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ वर्ष 2019 में शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके बाद वर्ष 2021 में निगरानी थाना की ओर से बिहार स्पेशल कोर्ट से संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत आवेदन दाखिल किया गया था।


पटना-जहानाबाद में 13 प्लॉट व मकान समेत अन्य संपत्तियां आईं सामने

जांच के दौरान शशि भूषण प्रसाद और उनके परिवार के नाम पर पटना, जहानाबाद समेत विभिन्न स्थानों पर करीब 13 प्लॉट और मकान होने की बात सामने आई है। इसके अतिरिक्त संपत्ति से जुड़ी लगभग 14 अन्य मदों का भी उल्लेख किया गया है, जबकि परिवार के सदस्यों के नाम पर बैंक खाते भी पाए गए हैं।


दो पत्नियों और भाइयों के नाम पर भी संपत्ति अर्जित होने की जानकारी

बताया जा रहा है कि आरोपित शशि भूषण प्रसाद निगरानी विभाग में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत हैं। जांच में उनकी दो पत्नियों और भाइयों के नाम पर भी संपत्तियां अर्जित किए जाने की जानकारी सामने आई है, जिनके स्रोत और आय के अनुपात में अर्जित होने का मामला न्यायालय के समक्ष विचाराधीन है।


30 दिनों में कुर्की-जब्ती और पक्ष रखने का निर्देश

इस मामले में न्यायालय ने पटना डीएम को 30 दिनों के अंदर संबंधित संपत्तियों को जब्त करने की कार्रवाई करने का स्पष्ट निर्देश दिया है। साथ ही संबंधित पक्ष को भी इन संपत्तियों के संबंध में अपना पक्ष रखने और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने का निर्देश दिए जाने की जानकारी है।


जिला प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी निगाहें

निगरानी विभाग के ही एक कर्मी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का यह मामला अब काफी महत्वपूर्ण हो गया है। न्यायालय के सख्त निर्देश के बाद अब तय समयसीमा में जिला प्रशासन की ओर से की जाने वाली अगली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।

पटना से अनिल की रिपोर्ट