बिहार में बुलडोजर कार्रवाई पर उप मुख्यमंत्री का बड़ा बयान, सीएम सम्राट चौधरी का नाम लेकर चिराग पासवान संग जताई सहमति

बिहार में अतिक्रमण करने वालों पर चल रहा बुलडोजर एक्शन अब राज्य के सत्ताधारी दलों के नेताओं के बीच एक नए किस्म की चर्चा को बढ़ा रहा है

Vijay Chaudhary- फोटो : news4nation

Vijay Chaudhary:  बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने पश्चिम बंगाल की राजनीति और बिहार में चल रही अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव और ममता बनर्जी के साथ प्रचार करने से  पश्चिम बंगाल की राजनीति में कोई खास असर नहीं पड़ने वाला है। विजय चौधरी ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता मौजूदा शासन से ऊब चुकी है और राज्य में बदलाव की भावना गहराई तक पहुंच चुकी है। 


उनके मुताबिक, यही कारण है कि विपक्षी दल एक साथ नजर आ रहे हैं, लेकिन इसका चुनावी परिणाम पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। राजद नेता तेजस्वी यादव ने पश्चिम बंगाल में लगातार ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी के उम्मीदवारों के लिए चुनाव प्रचार किया है। इसी पर विजय चौधरी ने कहा कि यह दिखाता है कि विपक्ष किस प्रकार हताश है कि हर कोई एक साथ आकर चुनाव प्रचार कर रहे हैं क्योंकि पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन हो रहा है। 


बुलडोजर कार्रवाई पर क्या बोले?

उपमुख्यमंत्री ने राज्य में चल रही बुलडोजर कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई स्वागत योग्य है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को खुद ही अतिक्रमण हटाना चाहिए। इस दौरान उन्होंने सम्राट चौधरी का उदाहरण देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने अपने घर की सीढ़ियां तक हटवा दी थीं, जो एक आदर्श उदाहरण है और अन्य लोगों को भी इसका पालन करना चाहिए।


चिराग पासवान के बयान पर सहमति

वहीं, चिराग पासवान के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने गरीबों के लिए पहले वैकल्पिक व्यवस्था करने की बात कही थी, विजय चौधरी ने सहमति जताई। उन्होंने कहा कि यह सरकार की नीति भी है कि अगर किसी का घर उजड़ता है, तो उसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाती है। उन्होंने कहा कि चिराग पासवान ने सही बात कही है और सरकार इस दिशा में पहले से काम कर रही है।