कृषि मंत्री के रूप में विजय कुमार सिन्हा ने संभाला कार्यभार, किसानों की आय वृद्धि और आधुनिक खेती को बताया प्राथमिकता
आज कृषि मंत्री के रुप में पदभार संभालने के बाद विजय कुमार सिन्हा ने डबल इंजन सरकार के संकल्पों को धरातल पर उतारने का प्रण लिया। उन्होंने कहा कि तकनीक और बाजार व्यवस्था सुदृढ़ करने पर उनका जोर रहेगा....
Patna : बिहार सरकार के नवनियुक्त कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सोमवार को विकास भवन स्थित कार्यालय में विधिवत अपना पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालते ही उन्होंने बिहार के अन्नदाताओं की सेवा और कृषि क्षेत्र के सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि यह दायित्व उनके लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि राज्य की जनता और विशेषकर किसानों की सेवा करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। इस दौरान विभाग के वरीय अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
पदभार ग्रहण करने के उपरांत मंत्री ने कहा कि बिहार में 'डबल इंजन' की सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में किसानों के समग्र विकास के लिए कार्य करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अनुभवों और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के मार्गदर्शन में बिहार के ग्रामीण परिवारों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने के लिए पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ कदम उठाए जाएंगे।
एनडीए सरकार के विजन को साझा करते हुए कृषि मंत्री ने बताया कि उनकी प्राथमिकता किसानों की आय में वृद्धि करना और राज्य में आधुनिक कृषि व्यवस्था का विस्तार करना है। सरकार सिंचाई की सुविधाओं को बेहतर बनाने, उन्नत बीजों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और खेती में नई तकनीक के समावेश पर विशेष ध्यान देगी। इसके अलावा, किसानों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य दिलाने के लिए बाजार व्यवस्था (मार्केट लिंकेज) को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा।
विजय कुमार सिन्हा ने जोर देकर कहा कि उनकी सरकार का अंतिम लक्ष्य बिहार के प्रत्येक किसान को आत्मनिर्भर, समृद्ध और सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि कृषि बिहार की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, इसलिए तकनीक से लेकर बाजार तक की कड़ियों को जोड़कर एक पारदर्शी व्यवस्था विकसित की जाएगी। विभाग जल्द ही नई योजनाओं और लंबित परियोजनाओं की समीक्षा कर उन्हें तेजी से लागू करने की दिशा में कार्य शुरू करेगा।
अंत में, उन्होंने जनता और शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग, स्नेह और आशीर्वाद से वह बिहार की जनता के विश्वास पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे। पदभार ग्रहण करने के साथ ही उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक की और आगामी कार्ययोजनाओं पर चर्चा की। इस नियुक्ति के बाद प्रदेश के किसान संगठनों और कृषि विशेषज्ञों ने उम्मीद जताई है कि राज्य के कृषि परिदृश्य में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेंगे।
वंदना की रिपोर्ट