उपमुख्यमंत्री की सीधी चेतावनी: 'काम में बाधा डाली तो जाएगी नौकरी', विजय सिन्हा ने राजस्व कर्मचारियों के साथ तेजस्वी-ममता को भी लपेटा
पटना एयरपोर्ट पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने हड़ताली राजस्व कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि काम में बाधा डालने वालों की नौकरी जा सकती है। साथ ही उन्होंने तेजस्वी और ममता बनर्जी पर भी तीखा हमला बोला।
Patna - बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने आज पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए राजस्व कर्मचारियों की जारी हड़ताल पर सख्त रुख अख्तियार किया है। उन्होंने कहा कि राजस्व कर्मचारियों का वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर हड़ताल करना और सरकारी कामकाज रोकना बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। सिन्हा ने स्पष्ट किया कि सरकार उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने को तैयार है, लेकिन काम रोकना कतई स्वीकार्य नहीं होगा।
हड़ताली कर्मचारियों को सख्त संदेश
विजय सिन्हा ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि जो कर्मचारी काम पर लौट आए हैं, उनके कामकाज में अगर कोई बाधा डालेगा, तो सरकार ऐसे लोगों को नौकरी करने के अधिकार से वंचित कर सकती है। उन्होंने कहा कि 40 लाख परिमार्जन और 6 लाख दाखिल-खारिज के मामलों का निपटारा सरकार की प्राथमिकता है और इसमें अड़चन डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। सरकार नियम के विरुद्ध किसी भी अराजकता को बर्दाश्त नहीं करेगी।
तेजस्वी यादव पर तीखा तंज
तेजस्वी यादव द्वारा पश्चिम बंगाल में बीजेपी को हराने वाले का साथ देने के बयान पर विजय सिन्हा ने तंज कसते हुए कहा कि "तेजस्वी यादव जिसके साथ भी सटेंगे, उसकी हार तय है।" उन्होंने तेजस्वी की राजनीति पर हमला करते हुए कहा कि उनके पास कोई ठोस एजेंडा नहीं है और वे केवल नकारात्मक राजनीति कर रहे हैं। सिन्हा ने कहा कि बिहार की जनता उनकी असलियत जान चुकी है।
ममता बनर्जी और बंगाल चुनाव पर प्रहार
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि "ममता दीदी घबरा गई हैं।" उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल में बोगस वोटिंग और घुसपैठियों के सहारे चुनाव जीतने का खेल अब खत्म होने वाला है। सिन्हा ने दावा किया कि बंगाल की जनता अब जाग चुकी है और माँ भारती के सम्मान के लिए इस बार ममता सरकार की विदाई तय है।
पटना में कानून-व्यवस्था पर आश्वासन
पटना के पटन देवी गैस एजेंसी में हुई लूट की घटना पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने जनता को आश्वस्त किया कि बिहार में कानून का राज कायम रहेगा और किसी भी अपराधी को सिर उठाने की इजाजत नहीं दी जाएगी। पुलिस प्रशासन को अपराधियों की पहचान कर जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
Report - Ranjit kumar