Bihar News : भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा से बिहार के युवाओं और किसानों को मिल रहा सीधा लाभ: डॉ. संतोष कुमार सुमन
Bihar News : बिहार सरकार के मंत्री संतोष सुमन ने कहा की पीएम मोदी के नेतृत्व में आज अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की भूमिका अधिक प्रभावी, निर्णायक एवं सम्मानजनक हुई है.....पढ़िए आगे
PATNA : हम पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के वरिष्ठ मंत्री डॉ संतोष कुमार सुमन ने कहा कि भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा में हाल के वर्षों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिसका प्रत्यक्ष लाभ देश के नागरिकों को प्राप्त हो रहा है। सशक्त एवं दूरदर्शी नेतृत्व के कारण आज अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की भूमिका अधिक प्रभावी, निर्णायक एवं सम्मानजनक हुई है।
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने अपनी कूटनीतिक क्षमता को सुदृढ़ करते हुए एक जिम्मेदार एवं विश्वसनीय राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित की है। वैश्विक चुनौतियों, आर्थिक परिदृश्य तथा अंतरराष्ट्रीय सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों में भारत की सक्रिय भागीदारी ने देश की स्थिति को और सशक्त किया है। “भारत आज वैश्विक परिदृश्य में केवल सहभागिता तक सीमित नहीं है, बल्कि नीतिगत दिशा तय करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इस सुदृढ़ अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा का लाभ देश के युवाओं, किसानों एवं वंचित वर्गों तक पहुँच रहा है।”
डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा कि भारत की मजबूत अंतरराष्ट्रीय छवि के परिणामस्वरूप विदेशी निवेश में वृद्धि हुई है, जिससे रोजगार के अवसर सृजित हो रहे हैं। साथ ही, वैश्विक स्तर पर भारतीय नागरिकों की स्वीकार्यता एवं सम्मान में भी वृद्धि हुई है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि अंतरराष्ट्रीय सहयोग के माध्यम से तकनीकी उन्नयन, आधारभूत संरचना के विकास तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को गति मिली है, जिसका सकारात्मक प्रभाव राज्यों सहित बिहार में भी दृष्टिगोचर हो रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में यह आवश्यक है कि सभी राजनीतिक दल राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देश की इस बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा को और सुदृढ़ करने में सकारात्मक भूमिका निभाएँ।