Bihar Budget Session: तेजस्वी के विधायक ने सदन में गयाजी के लिए की बड़ी मांग, नीतीश के सामने ने ही विजेंद्र यादव कर दिया ऐलान

Bihar Budget Session: नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भले सदन में नहीं पहुंच रहे हैं लेकिन उनके विधायक सदन में सरकार से सवाल पूछने और घेरने का काम कर रहे हैं। इसी कड़ी में राजद विधायक ने गयाजी के लिए बड़ी मांग की है।

गयाजी के लिए बड़ी मांग - फोटो : News4nation

Bihar Budget Session:  बिहार विधानसभा का बजट सत्र जारी है। बजट सत्र के 9वें दिन सरकार की ओर से कई बड़े ऐलान किए गए हैं। इस दौरान सदन में दिलचस्प स्थिति देखने को मिली। जहां सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच कड़वाहट की जगह 'सहमति' की राजनीति नजर आई। दरअसल, तेजस्वी यादव के बेहद करीबी माने जाने वाले पूर्व मंत्री और राजद विधायक कुमार सर्वजीत ने जब अपने क्षेत्र की समस्या उठाई, तो नीतीश सरकार के कद्दावर मंत्री विजेंद्र यादव ने बड़ा दिल दिखाते हुए उनकी मांग को तुरंत स्वीकार कर लिया।

सवाल पूछने में डर लगता है

गयाजी के फतेहपुर से आने वाली बिजली की समस्या को उठाते हुए कुमार सर्वजीत ने अपनी बात एक चुटकी के साथ शुरू की। उन्होंने सदन में कहा कि सवाल पूछने में भी अब डर लगता है कि कहीं कोई गुस्सा न हो जाए। उनका इशारा हाल के दिनों में सदन के भीतर हुए तीखे वाद-विवादों की तरफ था। इस तंज पर सदन में हल्की मुस्कुराहट तैर गई, लेकिन विधायक ने तुरंत अपनी गंभीर मांग सामने रखी।

फतेहपुर में पावर सब-स्टेशन की मांग

कुमार सर्वजीत ने गयाजी के फतेहपुर प्रखंड में बिजली की किल्लत का हवाला देते हुए वहां एक नया पावर सब-स्टेशन (PSS) बनवाने की मांग की। उन्होंने तर्क दिया कि इलाके के विकास और किसानों की सुविधा के लिए यह बेहद जरूरी है। आमतौर पर विपक्ष के सवालों पर सख्त रुख अख्तियार करने वाले ऊर्जा मंत्री विजेंद्र यादव ने इस बार अलग रुख अपनाया। उन्होंने विधायक की मांग को जायज मानते हुए सदन में ही घोषणा कर दी कि सरकार फतेहपुर में पावर सब-स्टेशन बनवाने के लिए तैयार है। मंत्री ने स्पष्ट कहा कि वहां सब-स्टेशन बनवाने की प्रक्रिया शुरू करवाई जाएगी।

देखते रह गए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार

जब यह पूरी चर्चा हो रही थी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सदन में ही मौजूद थे। तेजस्वी के विधायक और उनके अपने सबसे खास मंत्री के बीच की यह 'त्वरित सहमति' देख मुख्यमंत्री भी शांत भाव से मुस्कुराते नजर आए। सदन में सरकार की ओर से कई बड़े ऐलान किए जा रहे हैं। 

पटना से रंजन की रिपोर्ट