Bihar Crime: बिहार में इश्क हुआ कातिल, प्रेमी ने प्रेमिका को मारी गोली, मोहब्बत बनी मौत का वारंट

Bihar Crime: इश्किया रिश्तों की कड़वाहट अब खुलेआम खून-खराबे में बदलने लगी है।...

Muzaffarpur Love turns deadly lover shoots girlfriend,
मोहब्बत बनी मौत का वारंट- फोटो : reporter

Bihar Crime:  इश्किया रिश्तों की कड़वाहट अब खुलेआम खून-खराबे में बदलने लगी है। बिहार में देर रात एक सनसनीखेज वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी।मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र के बखरी के समीप एक युवक ने कार रोककर महिला को गोली मार दी और मौके से फरार हो गया। सरेराह चली इस गोली ने न सिर्फ एक जिंदगी को खतरे में डाल दिया, बल्कि रिश्तों के नाम पर भरोसे को भी लहूलुहान कर दिया।

घायल महिला की पहचान अनीता कुमारी के रूप में हुई है, जो वैशाली जिले के राजापाकड़ की रहने वाली बताई जा रही है। जख्मी हालत में उसे तुरंत इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

अनीता कुमारी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह अपने गांव के पड़ोसी अजीत कुमार के साथ कार से मधुबनी जिले के बासोपट्टी जा रही थी। इसी दौरान अहियापुर के बखरी इलाके में अजीत ने गाड़ी रोक दी। आरोप है कि उसने महिला को सड़क किनारे ले जाकर अचानक गोली चला दी। गोली लगते ही महिला जमीन पर गिर पड़ी और आरोपी फरार हो गया।

वारदात के बाद घायल महिला ने राहगीरों से मदद की गुहार लगाई। मौके पर पहुंची अहियापुर थाना की पुलिस ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।

सूत्रों के मुताबिक मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। आशंका है कि आपसी विवाद या रिश्तों में दरार ने इस वारदात को अंजाम तक पहुंचाया। हालांकि पुलिस फिलहाल हर एंगल से जांच कर रही है और आधिकारिक तौर पर किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की गई है।

शांत दिखने वाली सड़क पर चली एक गोली ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं क्या निजी रिश्तों की कड़वाहट अब खुलेआम खून-खराबे में बदलने लगी है? पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा