उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी के पैरों में गिरकर लगानी पड़ी फरियाद, जदयू ऑफिस में सामने आया रुला देने वाला मामला

जदयू कार्यालय में जब ग्रामीणों ने अपनी बात रखी तो भावुक माहौल बन गया। वीडियो में कुछ लोग विजय चौधरी के पैरों में गिरकर मदद की गुहार लगाते दिखाई दे रहे हैं। वहां मौजूद लोगों ने उन्हें संभाला और स्थिति को सामान्य किया।

Deputy Chief Minister Vijay Chaudhary - फोटो : news4nation

Bihar News :  बिहार में सुशासन के दावों के बीच एक ऐसा दृश्य सामने आया जिसने कई सवाल खड़े कर दिए। पटना के विक्रम थाना क्षेत्र के महाजपुरा गांव से आए महिलाओं और पुरुषों के एक समूह ने अपनी समस्या सुनाने के लिए जनता दल (यू) के प्रदेश कार्यालय का रुख किया। इस दौरान कुछ ग्रामीण उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी के सामने पहुंचते ही उनके पैरों में गिर पड़े और न्याय की गुहार लगाने लगे। इसका वीडियो भी सामने आया है।


ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने करीब 40 से अधिक परिवारों का आने-जाने का रास्ता बंद कर दिया है। इतना ही नहीं, पेयजल के लिए इस्तेमाल होने वाले नल का रास्ता भी रोक दिया गया है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पीड़ितों का कहना है कि उन्होंने कई बार स्थानीय प्रशासन और पुलिस से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि प्रशासन की उदासीनता के कारण उन्हें अपनी फरियाद लेकर सीधे उपमुख्यमंत्री के पास आना पड़ा।


जदयू कार्यालय में जब ग्रामीणों ने अपनी बात रखी तो भावुक माहौल बन गया। वीडियो में कुछ लोग विजय चौधरी के पैरों में गिरकर मदद की गुहार लगाते दिखाई दे रहे हैं। वहां मौजूद लोगों ने उन्हें संभाला और स्थिति को सामान्य किया।


बाद में पत्रकारों ने जब इस मामले पर उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी से सवाल किया तो उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच के लिए पटना के जिलाधिकारी को निर्देश दे दिया गया है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों का कहना है कि जब गांव में उनकी शिकायत नहीं सुनी गई, तब मजबूर होकर उन्हें राजधानी आकर सरकार के सामने अपनी बात रखनी पड़ी। अब उनकी उम्मीद प्रशासनिक जांच और सरकार की कार्रवाई पर टिकी हुई है।

अभिजीत की रिपोर्ट