पटना में BJP-कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प, जमकर चले लाठी-डंडे और पत्थर

झड़प के दौरान दोनों पक्षों की ओर से जमकर पत्थरबाजी की गई। पथराव में करीब एक दर्जन लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई।

Violent clash between BJP and Congress- फोटो : news4nation

Bihar News :  दिल्ली में राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं की ओर से प्रधानमंत्री आवास के बाहर किए गए प्रदर्शन के विरोध में भाजपा ने पटना में मार्च निकाला था। भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस प्रदेश कार्यालय सदाकत आश्रम का घेराव करने के लिए आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। पटना के सदाकत आश्रम स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर बुधवार को भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर हिंसक झड़प हो गई। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चले और जमकर पथराव हुआ। देखते ही देखते कांग्रेस कार्यालय के बाहर का पूरा इलाका रणक्षेत्र में बदल गया। घटना में करीब एक दर्जन लोगों के घायल होने की सूचना है।


पहले से कांग्रेस कार्यालय में मौजूद थे कार्यकर्ता

भाजपा के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए कांग्रेस कार्यकर्ता पहले से ही सदाकत आश्रम स्थित प्रदेश कार्यालय में मौजूद थे। बताया जा रहा है कि कुछ कांग्रेस कार्यकर्ता लाठी-डंडों के साथ कार्यालय परिसर में मौजूद थे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम समेत कई कांग्रेस नेता भी उस समय कार्यालय में मौजूद थे। दोपहर करीब दो बजे भाजपा कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए सदाकत आश्रम पहुंचे।  देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की के बाद मारपीट शुरू हो गई।


दोनों ओर से जमकर हुआ पथराव

झड़प के दौरान दोनों पक्षों की ओर से जमकर पत्थरबाजी की गई। पथराव में करीब एक दर्जन लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। कांग्रेस कार्यालय की ओर भी लगातार पथराव किए जाने की बात सामने आई है। मौके पर मौजूद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। हालांकि, दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प के कारण पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटनास्थल पर स्थिति पर नजर बनाए हुए है।


दानापुर-गांधी मैदान मार्ग पर यातायात प्रभावित

हंगामे और प्रदर्शन के कारण दानापुर-गांधी मैदान मुख्य मार्ग पर यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई। सड़क पर प्रदर्शन और झड़प के कारण आवागमन बाधित रहा और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।