Bihar News : पटना में बीजेपी कार्यकर्ताओं और कांग्रेसियों के बीच हुई हिंसक झड़प, जमकर चले लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर, एमएलसी जीवन कुमार हुए जख्मी

Bihar News : भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच भीषण हिंसक झड़प हो गई। जिसमें भाजपा एमएलसी जीवन कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गए........पढ़िए आगे

जीवन कुमार जख्मी - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : राजधानी पटना स्थित बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय सदाकत आश्रम के बाहर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच भीषण हिंसक झड़प हो गई। राहुल गांधी और कांग्रेस के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन करते हुए बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस मुख्यालय का घेराव करने के लिए मार्च निकाला था। इस दौरान दोनों पक्षों के आमने-सामने आने से स्थिति बिगड़ गई और देखते ही देखते इलाका पुलिस और प्रशासनिक अमले की मौजूदगी के बावजूद रणक्षेत्र में तब्दील हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीजेपी कार्यकर्ता दोपहर के समय विरोध मार्च निकालते हुए सदाकत आश्रम के मुख्य द्वार पर पहुंचे थे। इसी दौरान मुख्य द्वार पर पहले से तैनात कांग्रेस कार्यकर्ताओं और प्रदर्शनकारी बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे और ईंट-पत्थर फेंके जाने लगे। इस अचानक हुए पथराव और लाठीबाजी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हिंसक टकराव में दोनों ही राजनीतिक दलों के कई कार्यकर्ताओं और नेताओं को चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इस दौरान मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई और कई वाहनों के शीशे भी क्षतिग्रस्त हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया। इस हिंसक झड़प के बीच गया शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी जीवन कुमार पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हमला कर दिया। जिससे वे गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उनके पैर में गंभीर चोट लगी है। जिसका अस्पताल जाकर उन्होंने इलाज कराया है। 

बीजेपी नेताओं का आरोप है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से विरोध-प्रदर्शन करने पहुंचे थे, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पहले से लाठी-डंडे और पत्थर जमा कर रखे थे और हमला बोल दिया। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस नेतृत्व ने आरोप लगाया कि बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पार्टी दफ्तर के बाहर उपद्रव मचाया और माहौल बिगाड़ने की नीयत से जानबूझकर हिंसक उकसावे की कार्रवाई की।

घटना के बाद सदाकत आश्रम और आसपास के इलाकों में एहतियातन भारी संख्या में पुलिस बल और सुरक्षाकर्मियों को तैनात कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति फिलहाल पूरी तरह नियंत्रण में है। पुलिस की ओर से इलाके के सीसीटीवी फुटेज और वीडियो की जांच की जा रही है, जिसके आधार पर उपद्रव में शामिल तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।