पटना में छात्रों का उग्र प्रदर्शन: पुलिस बैरिकेडिंग तोड़कर विधानसभा ओवरब्रिज तक पहुंचे अभ्यर्थी, पुलिस ने रोका

राजधानी पटना में एकबार फिर छात्रों और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षा के अभ्यर्थियों का उग्र प्रदर्शन देखने को मिला। मंगलवार को ये प्रदर्शनकारी विधान सभा के निकट वाले ओवर ब्रिज तक पहुंच गए। हालांकि पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक लिया.....

पटना में छात्रों का उग्र प्रदर्शन- फोटो : अनिल कुमार

Patna : राजधानी पटना में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की मांगों को लेकर सड़कों पर उतरे छात्र और अभ्यर्थी पुलिस को चकमा देते हुए बैरिकेडिंग तोड़कर सीधे विधानसभा के ओवरब्रिज तक पहुंच गए। शुरुआत में पुलिस ने उन्हें जेपी गोलंबर पर रोकने का पूरा प्रयास किया था, लेकिन छात्र एग्जिबिशन रोड के रास्ते आगे निकल गए। ओवरब्रिज के ऊपर पर्याप्त बैरिकेडिंग न होने के कारण छात्रों को आगे बढ़ने का खुला रास्ता मिल गया।


मुख्यमंत्री आवास घेराव का था इरादा

प्रदर्शन कर रहे इन हजारों छात्रों का मुख्य मकसद मुख्यमंत्री आवास का घेराव करना था। इस बड़े प्रदर्शन में मुख्य रूप से BPSC 70वीं के अभ्यर्थी, दरोगा बहाली (SI) के अभ्यर्थी और BSSC सहित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं से जुड़े नाराज छात्र शामिल थे। अपनी विभिन्न मांगों और व्यवस्था में सुधार की गुहार लगाते हुए ये छात्र लगातार सरकार के खिलाफ मुखर नजर आ रहे हैं।


पुलिस ने संभाला मोर्चा, प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका

छात्रों के विधानसभा की ओर बढ़ने की सूचना मिलते ही पटना पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। विधानसभा के ओवरब्रिज पर पहुंचते ही पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए कड़ा मोर्चा संभाला और प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया। सुरक्षा के मद्देनजर विधानसभा का मुख्य गेट भी बंद कर दिया गया। इस दौरान पुलिस और छात्रों के बीच तीखी नोकझोंक, धक्का-मुक्की भी हुई।


पुलिस अधिकारियों का बयान

पटना पुलिस के मुताबिक स्थिति को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया। पटना एसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस ने पूरी सूझबूझ और तत्परता का परिचय देते हुए छात्रों को विधानसभा के गेट या सीएम आवास की ओर आगे बढ़ने से पूरी तरह रोक दिया।


विधानसभा के आसपास बढ़ाई गई सुरक्षा, स्थिति नियंत्रण में

फिलहाल प्रशासन द्वारा विधानसभा और उसके आसपास के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर दिए गए हैं और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। पुलिस यह सुनिश्चित कर रही है कि कोई भी प्रदर्शनकारी आगे न बढ़ सके। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियातन लगातार निगरानी रखी जा रही है।


अनिल की रिपोर्ट