Bihar News : पटना हाईकोर्ट में CBI के चर्चित वकील रहे विपिन कुमार सिन्हा का हुआ निधन, कई ऐतिहासिक मामलों में दिलाई थी दोषियों को सजा

Bihar News : बिहार में न्यायिक जगत को बड़ा झटका लगा है. पटना हाईकोर्ट में CBI के चर्चित वकील रहे विपिन कुमार सिन्हा का निधन हो गया.....पढ़िए आगे

नहीं रहे विपिन सिन्हा - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : पटना हाईकोर्ट में लंबे समय तक केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) के जुझारू और बेहद चर्चित वकील रहे विपिन कुमार सिन्हा का निधन हो गया है। लंबी बीमारी से जूझने के बाद उन्होंने कल दिल्ली के एक अस्पताल में अपने जीवन की अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से न्यायिक और कानूनी जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

विपिन कुमार सिन्हा का जन्म साल 1959 में हुआ था। उन्होंने भागलपुर से कानून (लॉ) की डिग्री हासिल की और इसके बाद वर्ष 1984 से अपने वकालत के पेशे की शुरुआत की। अपनी धारदार दलीलों और बेहतरीन कानूनी समझ के बदौलत उन्होंने जल्द ही अपनी एक अलग पहचान बनाई। 

इसके बाद साल 2007 से 2022 तक वे लगातार सीबीआई के वरिष्ठ वकील के रूप में कार्यरत रहे। इस 15 साल के लंबे कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई बड़े और पेचीदा मुकदमों में अभियुक्तों को कानून के शिकंजे में कसकर सजा दिलाने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने बिहार के कई सबसे चर्चित और ऐतिहासिक आपराधिक मामलों की पैरवी की। इनमें पूर्णिया के चर्चित विधायक अजीत सरकार हत्याकांड, पटना का आशियाना नगर फर्जी एनकाउंटर मामला (जिसमें दारोगा शमसे आलम को सजा हुई) और भागलपुर का कुख्यात 'आंखफोड़वा कांड' शामिल हैं। इन सभी मामलों में अपराधियों और दोषियों को उनके अंजाम तक पहुँचाने और पीड़ितों को न्याय दिलाने का श्रेय उनकी कुशल पैरवी को जाता है।