Bihar News : बिहार में हर खेत तक पहुंचेगा पानी, मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा- लघु सिंचाई परियोजनाओं का हो रहा विस्तार

Bihar News : मंत्री संतोष सुमन ने कहा की कृषि बिहार की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और जब तक हर खेत तक पानी नहीं पहुंचेगा, तब तक किसानों की आय में अपेक्षित वृद्धि संभव नहीं है।

हर खेत तक पानी - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री एवं हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता किसानों को समय पर पर्याप्त सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि कृषि बिहार की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और जब तक हर खेत तक पानी नहीं पहुंचेगा, तब तक किसानों की आय में अपेक्षित वृद्धि संभव नहीं है। 

उन्होंने कहा की इसी सोच के साथ राज्य सरकार लघु सिंचाई योजनाओं के विस्तार, जल संरक्षण और सिंचाई अवसंरचना को मजबूत करने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है।

डॉ. सुमन ने कहा कि राज्य के विभिन्न जिलों में लघु सिंचाई परियोजनाओं, चेक डैम, आहर-पइन के जीर्णोद्धार, लिफ्ट सिंचाई योजनाओं तथा अन्य जल संरक्षण कार्यों को गति दी गई है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सभी स्वीकृत योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराया जाए, ताकि किसानों को समय पर इसका लाभ मिल सके और खेती अधिक लाभकारी बन सके।

डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और बिहार सरकार की किसान हितैषी सोच के अनुरूप कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार का उद्देश्य केवल सिंचाई सुविधाओं का विस्तार करना नहीं, बल्कि जल संसाधनों का वैज्ञानिक एवं टिकाऊ उपयोग सुनिश्चित कर किसानों की आय बढ़ाना और बिहार को कृषि के क्षेत्र में आत्मनिर्भर एवं समृद्ध बनाना है।