Weather Forecast: मानसून का कहर शुरू! 17 राज्यों में अगले 8 घंटे भारी बारिश का खतरा, कई राज्यों में आंधी-बारिश से बिगड़ेगा मौसम

Weather Forecast: IMD ने 17 राज्यों में आंधी-बारिश और ओले गिरने का अलर्ट जारी किया है। जानें दिल्ली, यूपी, बिहार, राजस्थान और अन्य राज्यों का ताजा मौसम अपडेट।

आंधी-बारिश और ओले गिरने का अलर्ट- फोटो : freepik

Weather Forecast: देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर तेजी से बदल गया है। मौसम विभाग (IMD) ने 17 राज्यों में तेज आंधी, बारिश और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। उत्तर-पूर्व भारत और दक्षिण भारत के कई इलाकों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश जारी रह सकती है। वहीं उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के कई राज्यों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और मौसम खराब रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर भारत के उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में रुक-रुक कर बारिश हो सकती है। दक्षिण भारत के लगभग सभी राज्यों में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मध्य भारत के मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात और महाराष्ट्र में भी मौसम खराब रह सकता है। इसके अलावा पूर्वी भारत के बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।

मानसून को लेकर अच्छी खबर 

मानसून को लेकर भी अच्छी खबर है कि इसकी रफ्तार बनी हुई है। अगले 3 से 4 दिनों में मानसून के केरल, तमिलनाडु, लक्षद्वीप, दक्षिण-पूर्व अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए मौसम अनुकूल है। इससे दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं।

दिल्ली-UP में कैसा रहने वाला है मौसम?

दिल्ली में फिलहाल मौसम थोड़ा स्थिर है। यहां आसमान में आंशिक बादल रहेंगे और तापमान करीब 39 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। दोपहर बाद 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। 2 और 3 जून को भी दिल्ली में ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है। उत्तर प्रदेश में कई जगहों पर आंधी और बारिश का असर देखने को मिल सकता है। लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, मेरठ, नोएडा, बरेली, मुरादाबाद और झांसी जैसे शहरों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं और बारिश की संभावना है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

बिहार-झारखंड के मौसम का हाल

बिहार में भी 1 से 6 जून तक बारिश का अलर्ट है। कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है और तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ दिनों में गर्मी और लू चलने की भी संभावना जताई गई है। झारखंड में भी 1 से 6 जून तक तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो और देवघर जैसे जिलों में मौसम बिगड़ा रह सकता है।

राजस्थान समेत पहाड़ी इलाकों का मौसम

राजस्थान में अगले एक हफ्ते तक मौसम अस्थिर रह सकता है। कई जिलों में आंधी, धूल भरी हवाएं और बारिश के साथ ओलावृष्टि की भी संभावना है। हवा की रफ्तार 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी 1 से 6 जून के बीच कई जगहों पर बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा। पहाड़ी इलाकों में मौसम ज्यादा खराब रह सकता है और भूस्खलन जैसी स्थिति का भी खतरा बना रह सकता है। अगले कुछ दिनों तक देश के बड़े हिस्से में मौसम अस्थिर रहेगा। कहीं तेज बारिश होगी तो कहीं आंधी और गरज-चमक के साथ मौसम बदलता रहेगा। लोगों को सलाह दी गई है कि खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतें और जरूरी होने पर ही बाहर निकलें।