Women Kabaddi World Cup 2025: हॉकी के बाद अब पहली बार महिला कबड्डी विश्व कप का राजगीर खेल स्टेडियम में होगा आयोजन, इस दिन से होगी शुरुआत, यहां मुफ्त में देख सकेंगे मैच

Women Kabaddi World Cup 2025: बिहार के राजगीर खेल स्टेडियम एक बार फिर एतिहासिक आयोजन करने को तैयार है। हॉकी के बाद अब राजगीर के खेल स्टेडियम में महिला कबड्डी विश्वकप का आयोजन किया जाएगा।

Women Kabaddi World Cup 2025
Women Kabaddi World Cup 2025- फोटो : social media

Women Kabaddi World Cup 2025: बिहार में खेल को बढ़ावा देने के लिए सीएम नीतीश की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। खेल को बढ़ावा देने के लिए राजगीर में खेल स्टेडियम का उद्घाटन भी सीएम नीतीश ने किया। स्टेडियम के उद्घाटन के बाद यहां अंतरराष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप का एतिहासिक आयोजन किया गया। वहीं अब इस स्टेडियम में महिला कबड्डी विश्व कप का आयोजन किया जाना है। यह आयोजन 1 जून से 10 जून तक होगा। इसमें करीब 13 देश भाग लेंगे।  

महिला कबड्डी विश्वकप का होगा आयोजन

दरअसल, बिहार के राजगीर में पहली बार और राज्य में दूसरी बार महिला कबड्डी विश्व कप का आयोजन होने जा रहा है। इस ऐतिहासिक आयोजन की औपचारिक घोषणा शनिवार को पाटलिपुत्र खेल परिसर में हुई। जहां एमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया (AKFI) और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण (BSSA) के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। समझौते पर एएफकेआई के महासचिव जितेंद्र सिंह ठाकुर और बीएसएसए के महानिदेशक रवींद्रण शंकरण ने हस्ताक्षर किए।

1 से 10 जून तक होगा आयोजन

इस अवसर पर भारतीय महिला कबड्डी टीम की कप्तान सोनाली विष्णु और उपकप्तान पुष्पा राणा भी उपस्थित रहीं। रवींद्रण शंकरण ने जानकारी दी कि महिला कबड्डी विश्व कप 1 से 10 जून तक राजगीर खेल परिसर के इनडोर हॉल में आयोजित होगा। इससे पहले 2012 में पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में इस प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया था, जिसमें भारत विजेता बना था।

13 देशों की टीमें लेंगी भाग

प्रतियोगिता में भारत के अलावा ईरान, बांग्लादेश, नेपाल, थाईलैंड, हॉलैंड, जापान, पोलैंड, अर्जेंटीना, हंगरी, जर्मनी, केन्या और युगांडा की टीमें हिस्सा लेंगी। दर्शकों के लिए मैच निःशुल्क होंगे लेकिन ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के जरिए पास लेना अनिवार्य होगा। जिन दर्शकों को पास नहीं मिल पाएगा उनके लिए खेल परिसर के बाहर बड़ी स्क्रीन पर मैच दिखाए जाएंगे। साथ ही मैचों का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा, हालांकि प्रसारण चैनल की घोषणा अभी नहीं की गई है।

राजगीर में प्रशिक्षण शिविर और सुविधाएं

बीएसएसए के महानिदेशक ने बताया कि भारतीय टीम के लिए प्रतियोगिता से 15 दिन पहले राजगीर में प्रशिक्षण शिविर लगाने का अनुरोध किया गया है ताकि खिलाड़ी स्थानीय वातावरण के अनुकूल हो सकें और बिहार के खिलाड़ियों को भी सीखने का मौका मिले। टूर्नामेंट में भाग लेने वाली सभी टीमों के आने-जाने, आवास और भोजन की व्यवस्था राज्य सरकार द्वारा की जाएगी।

महिला प्रो कबड्डी की उठी मांग

भारतीय महिला टीम की उपकप्तान पुष्पा राणा ने कहा कि सभी देश मजबूत हैं, लेकिन ईरान और चीनी ताइपे जैसी टीमों से कड़ी टक्कर की उम्मीद है। उन्होंने महिला प्रो कबड्डी लीग शुरू करने की भी मांग उठाई और बताया कि इस विषय पर खेल मंत्री और फेडरेशन से सकारात्मक चर्चा हुई है। इस आयोजन से न केवल महिला कबड्डी को नया मंच मिलेगा, बल्कि बिहार को भी अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर एक नई पहचान मिलेगी।

Editor's Picks