Bihar News: नवादा में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, इलाके में फैली सनसनी
Bihar News: बिहार के नवादा से बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां युवक का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया। जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
Bihar News: नवादा जिले के अकबरपुर प्रखंड में मंगलवार को एक युवक का शव पेड़ से बंधा मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। बरेव गांव के पास खेत में मिली इस लाश के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान बरेव गांव निवासी 32 वर्षीय राजेश कुमार उर्फ मंटू सिंह के रूप में हुई है। वह सोमवार देर शाम घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।
गला दबाकर हत्या की आशंका
परिजनों द्वारा खोजबीन के दौरान मंगलवार को घर से करीब 500 मीटर दूर खेत में उसका शव बरामद हुआ। परिजनों के अनुसार, राजेश की पहले गला दबाकर हत्या की गई और फिर उसके गले में गमछा बांधकर उसी से पैर भी बांध दिए गए। शव बेल के पेड़ से बंधा हुआ मिला। गर्दन पर मिले निशान भी गला दबाने की आशंका को मजबूत करते हैं।
फॉरेंसिक जांच और डॉग स्क्वायड की मदद
परिजनों का कहना है कि मृतक की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी, बावजूद इसके इस तरह की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एसडीपीओ गुलशन कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है।
पुलिस की छापेमारी जारी
साथ ही खोजी कुत्तों की मदद से भी सुराग जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को भी गंभीरता से लिया गया है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
नवादा से अमन की रिपोर्ट