Bihar accident: भाई से आखिरी मुलाकात भी न हो सकी! रास्ते में बाइक से गिरी बहन, उसी वक्त भाई की भी मौत
Bihar accident: समस्तीपुर में घायल भाई को देखने मायके जा रही 45 वर्षीय बबीता देवी की बाइक से गिरने के बाद मौत हो गई। संयोग से उसी समय उनके घायल भाई संजीव कुमार ने भी दम तोड़ दिया।
Bihar accident: बिहार के समस्तीपुर जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। यहां घायल भाई को देखने मायके जा रही 45 वर्षीय महिला की सड़क हादसे में मौत हो गई। रास्ते में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धर्मपुर के पास अचानक बाइक से गिरने के कारण उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। अस्पताल ले जाने के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। संयोग ऐसा रहा कि जिस समय महिला की मौत हुई, उसी समय उनके घायल भाई ने भी अंतिम सांस ली। इस घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
घायल भाई को देखने मायके जा रही थीं बबीता देवी
मृतका की पहचान बबीता देवी के रूप में हुई है। वह वैनी थाना क्षेत्र के पूसा रोड बाजार निवासी स्वर्गीय सुखदेव साह की बहू और प्रदीप कुमार साह की 45 वर्षीय पत्नी थीं। बताया जाता है कि उनके भाई संजीव कुमार (28) नरहन स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आने से घायल हो गए थे। भाई के घायल होने की सूचना मिलने के बाद बबीता देवी अपने मायके हकीमाबाद बिशनपुर जाने के लिए घर से निकली थीं। वह भाई को देखने के लिए बाइक से जा रही थीं। इसी दौरान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धर्मपुर के पास अचानक वह बाइक से गिर गईं।
सिर में गंभीर चोट, अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत
बाइक से गिरने के कारण बबीता देवी के सिर में गंभीर चोट आई। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। उधर, हकीमाबाद बिशनपुर स्थित मायके में उनके घायल भाई संजीव कुमार की हालत भी गंभीर बनी हुई थी। बताया गया कि जिस समय बबीता देवी की मौत हुई, लगभग उसी समय संजीव कुमार ने भी दम तोड़ दिया। एक ही समय में भाई-बहन की मौत की खबर से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस भाई को देखने के लिए बबीता देवी घर से निकली थीं, उससे मिलने की उनकी आखिरी इच्छा भी अधूरी रह गई।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
बबीता देवी अपने पीछे दो बेटे निशांत रंजन और नवजीत रंजन तथा एक बेटी नेहा कुमारी को छोड़ गई हैं। मां की मौत के बाद तीनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के अन्य सदस्यों का भी दुख से हाल बेहाल है। बताया जाता है कि कुछ दिन पहले ही बबीता देवी के ससुर सुखदेव साह का निधन हुआ था। परिवार अभी इस सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि इस हादसे ने एक और बड़ा दुख दे दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद रिश्तेदारों और आसपास के लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।