Samastipur Dial 112 Police Attack: मोहिउद्दीननगर में ऑन-ड्यूटी पुलिस अधिकारी से बदसलूकी, वायरल वीडियो के बाद आरोपी गिरफ्तार

समस्तीपुर के मोहिउद्दीननगर में महिला से छेड़खानी की शिकायत पर पहुंची डायल-112 पुलिस टीम पर आरोपी ने हमला कर दिया। दारोगा के साथ हाथापाई का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

ऑन-ड्यूटी पुलिस अधिकारी से बदसलूकी, वायरल वीडियो के बाद आरोपी गिरफ्तार- फोटो : Reporter

समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र स्थित एनएच 122 बी पर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) शाखा के समीप बुधवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब आपातकालीन डायल-112 की पुलिस टीम पर एक युवक ने हमला कर दिया। दरअसल, बैंक के पास सरेराह एक महिला से छेड़खानी की शिकायत मिलने पर डायल-112 की टीम कार्रवाई करने पहुंची थी। पुलिस ने जैसे ही आरोपी को हिरासत में लेने का प्रयास किया, वह अचानक उग्र हो गया और ऑन-ड्यूटी पुलिसकर्मियों से भिड़ गया।


दारोगा से धक्का-मुक्की और उठापटक, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

पकड़े जाने के विरोध में आरोपी ने टीम का नेतृत्व कर रहे दारोगा राजू यादव और अन्य पुलिसकर्मियों के साथ तीखी बहस के बाद हाथापाई शुरू कर दी। देखते ही देखते सड़क पर पुलिस और आरोपी के बीच तीखी उठापटक होने लगी, जिसमें उसने वर्दी खींचने और धक्का-मुक्की करने की कोशिश की। बीच सड़क पर हुई इस धक्का-मुक्की का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


अतिरिक्त पुलिस बल ने दबोचा, बाजार में बना अफरा-तफरी का माहौल

सड़क पर मचे इस बवाल और हंगामे के कारण स्थानीय बाजार में जाम जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। डायल-112 की टीम द्वारा सूचना दिए जाने के बाद मोहिउद्दीननगर थाने से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने भारी मशक्कत के बाद उपद्रवी युवक को काबू में किया और उसे दबोचकर कड़ी सुरक्षा के बीच थाने ले आई।


पुलिस पर हमले और छेड़खानी का केस दर्ज, आगे की कानूनी कार्रवाई तेज

मामले की पुष्टि करते हुए मोहिउद्दीननगर थानाध्यक्ष विनय कुमार ने बताया कि पीड़ित महिला की शिकायत पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची थी। उन्होंने कहा कि सरकारी काम में बाधा डालना और ऑन-ड्यूटी पुलिस अधिकारी के साथ अभद्रता व हमला करना गंभीर अपराध है। आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा पीड़िता के बयान के आधार पर छेड़खानी और पुलिस पर हमले की संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।