Samastipur Crime: समस्तीपुर में दो हिंसक घटनाओं से हड़कंप, एक की मौत, दूसरा जिंदगी की लड़ रहा जंग

Samastipur Crime: समस्तीपुर में मुहर्रम के दौरान दो बड़ी हिंसक घटनाएं सामने आईं है। ताजिया जुलूस में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि दूसरी घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल है।

मुहर्रम पर समस्तीपुर में बवाल- फोटो : social media

Samastipur Crime: बिहार के समस्तीपुर जिले में मुहर्रम के दौरान दो अलग-अलग हिंसक घटनाएं सामने आई हैं। पहली घटना कल्याणपुर थाना क्षेत्र के गोपालपुर भुट्टा चौक के पास हुई, जहां ताजिया जुलूस के दौरान दो गुटों के बीच झड़प में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मृतक की पहचान गोपालपुर भुट्टा चौक निवासी मो. जावेद (26 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मो. जब्बार के पुत्र थे। परिजनों के अनुसार, जावेद मुंबई में मजदूरी करते थे और मुहर्रम मनाने के लिए चार दिन पहले ही अपने गांव लौटे थे।

जावेद शुक्रवार शाम गांव के भुट्टा अखाड़ा से निकल रहे ताजिया जुलूस में शामिल थे। चश्मदीदों के मुताबिक, जुलूस के दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान एक युवक ने जावेद के सीने में चाकू मार दिया। चाकू लगने के बाद जावेद गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़े। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। उन्हें सदर अस्पताल समस्तीपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद परिवार में मातम छा गया

घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।  

ताजिया जुलूस से लौट रहे युवक पर हमला

दूसरी घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रहीमपुर रूदौली गांव में हुई। यहां ताजिया जुलूस से घर लौट रहे 18 वर्षीय मो. हंजला पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया।बताया जा रहा है कि हमलावरों ने रास्ते में घेरकर हंजला पर लाठी, डंडे और धारदार हथियार से हमला किया। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।घायल हंजला को स्थानीय लोगों ने तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

शराब पीने के लिए रंगदारी मांगी थी

परिजनों का आरोप है कि एक दिन पहले मोहल्ले के कुछ युवकों ने उनकी खिलौने की दुकान पर शराब पीने के लिए एक हजार रुपये की रंगदारी मांगी थी। विरोध करने पर मारपीट हुई थी और इसकी शिकायत पुलिस में की गई थी। परिवार का कहना है कि इसी रंजिश में शुक्रवार को दोबारा हमला किया गया। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि हालात नियंत्रण में हैं और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है।