समस्तीपुर में चक्का जाम की चेतावनी: चुनाव में चली 4000 गाड़ियों का नहीं हुआ भुगतान, 11 जून को चुनाव आयोग का पुतला दहन
बिहार विधान सभा चुनाव के 8 महीने बाद भी चुनाव में अधिग्रहित की गई 4 हजार गाड़ियों का बकाया भुगतान नहीं होने से मालिकों में आक्रोश व्याप्त है। अब वाहन मालिको ने चक्का जाम करने का एलान किया है....
Samastipur : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में प्रशासन द्वारा अधिग्रहित की गई करीब 4000 गाड़ियों के मालिकों का सब्र अब जवाब दे गया है। चुनाव संपन्न होने के 8 महीने बीत जाने के बाद भी बकाया मुआवजे का भुगतान नहीं होने से नाराज वाहन स्वामियों ने अब आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। जिला मोटर व्यावसायी संघ समस्तीपुर के कार्यालय में रविवार को हुई एक महत्वपूर्ण कार्यकारिणी बैठक में सर्वसम्मति से आंदोलन की रूपरेखा तैयार की गई है, जिसके तहत आगामी 11 जून को जिला समाहरणालय (कलेक्ट्रेट) पर बड़ा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
डीएम को अल्टीमेटम बेअसर, 11 जून को फूंका जाएगा चुनाव आयोग का पुतला
बैठक की अध्यक्षता कर रहे संघ के अध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि पिछले 25 मई को सैकड़ों वाहन स्वामियों ने जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी (डीएम) को एक ज्ञापन सौंपकर शीघ्र भुगतान की गुहार लगाई थी। उस समय संघ ने जिला प्रशासन को स्पष्ट अल्टीमेटम दिया था कि यदि 10 दिनों के भीतर लगभग 5 करोड़ रुपये के बकाया मुआवजे का भुगतान नहीं किया गया, तो संगठन चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगा। प्रशासन की ओर से कोई सकारात्मक पहल न होने के कारण अब 11 जून को दोपहर बाद समाहरणालय गेट पर चुनाव आयोग का पुतला दहन करने का निर्णय लिया गया है।
शहर का 'चक्का जाम' करने की चेतावनी, सड़कों पर छोड़ दी जाएंगी गाड़ियाँ
संघ के महामंत्री संजीव कुमार सुमन ने जिला प्रशासन और राज्य निर्वाचन आयोग को चेतावनी देते हुए कहा कि 11 जून का पुतला दहन कार्यक्रम तो महज एक शुरुआत है। अगर इस विरोध प्रदर्शन के बाद भी लंबित राशि का भुगतान सुनिश्चित नहीं किया गया, तो अगले चरण में संगठन पूरे समस्तीपुर शहर का चक्का जाम करेगा। इस उग्र आंदोलन के तहत जिले भर के वाहन स्वामी अपनी-अपनी गाड़ियों को शहर की मुख्य सड़कों और चौराहों पर खड़ी करके छोड़ देंगे, जिससे पूरी परिवहन व्यवस्था ठप हो जाएगी।
संघ की बैठक में एकजुट हुए पदाधिकारी, आंदोलन की सफलता पर रणनीति
रविवार को हुई इस उच्चस्तरीय बैठक में जिला मोटर व्यावसायी संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान आंदोलन को सफल बनाने और सभी वाहन स्वामियों को एकजुट करने की रणनीति पर चर्चा हुई। बैठक में मुख्य रूप से संघ के उपाध्यक्ष बिंदु राय, संतोष कुमार सिंह, विनय कुमार सिंह, सचिव राजबाला राय, उमेश राय, संतोष साह, संजय माथा, सुनील राय, रामकृष्ण, विकास कुमार, अशोक राय, रिंकू सिंह, अमितेश सिंह, मिथिलेश राय और सत्यम शिवम सहित कई अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
कर्पूरी बस पड़ाव से निकलेगा जुलूस, यह रहेगा 11 जून का पूरा शेड्यूल
संघ द्वारा जारी किए गए आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, 11 जून को दोपहर 3:00 बजे जिले के सभी वाहन स्वामी और संघ के कार्यकर्ता कर्पूरी बस पड़ाव, समस्तीपुर पर एकत्रित होंगे। इसके बाद दोपहर 3:30 बजे वहां से एक विशाल विरोध जुलूस निकाला जाएगा। यह जुलूस पटेल गोलंबर होते हुए जिला समाहरणालय के मुख्य गेट तक पहुंचेगा, जहां आक्रोशित प्रदर्शनकारियों द्वारा चुनाव आयोग का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया जाएगा।
धीरज पराशर की रिपोर्ट