छपरा में नाले में मिला नवजात का शव: समाज शर्मसार,अवैध नर्सिंग होम संचालकों पर गहराया शक
छपरा के डाक बंगला रोड पर नाले में एक नवजात शिशु का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने अवैध नर्सिंग होम पर शक जताया है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर जांच में जुटी है।
सारण जिला मुख्यालय स्थित डाक बंगला रोड पर शुक्रवार को एक दर्दनाक और अमानवीय घटना सामने आई। नाले में एक नवजात शिशु का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सड़क किनारे नाले में पड़े मासूम के शव को देखते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। इस घटना ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है और नवजातों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बता दें कि घटनास्थल भगवान बाजार और नगर थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित है।
पुलिस ने कब्जे में लिया शव, FSL व जांच शुरू
सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा की कानूनी प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले का खुलासा करने के लिए पुलिस आसपास के दुकानों और मकानों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शव को नाले में किसने और कब फेंका था।
अवैध नर्सिंग होम संचालकों पर गहराया शक
घटना से स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश और नाराजगी व्याप्त है। स्थानीय लोगों का कहना है कि डाक बंगला रोड और उसके आसपास कई निजी और अवैध रूप से नर्सिंग होम संचालित हो रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि किसी अवैध नर्सिंग होम में नवजात का जन्म हुआ होगा और बाद में पकड़े जाने के डर से शव को लाकर नाले में फेंक दिया गया।
स्थानीय लोगों ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से सख्त कदम उठाने की मांग की है। नागरिकों ने इलाके में चल रहे सभी अवैध नर्सिंग होमों की व्यापक जांच कराने, दोषियों को जल्द से जल्द चिन्हित कर कड़ी सजा देने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग उठाई है।
संवेदनहीनता की पराकाष्ठा पर उठते गंभीर सवाल
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सामाजिक दृष्टि से यह घटना संवेदनहीनता की पराकाष्ठा को दर्शाती है। जिस मासूम ने अभी दुनिया में कदम ही रखा था, उसे इस तरह नाले में फेंक देना न केवल एक संगीन अपराध है, बल्कि यह हमारे सामाजिक और नैतिक मूल्यों पर भी एक गहरा दाग है।
सारण से धर्मेन्द्र रस्तोगी की रिपोर्ट