छपरा वासियों के लिए बड़ी राहत! विधायक छोटी कुमारी की पहल रंग लाई, प्रभुनाथ नगर-एनएच 722 सड़क निर्माण को मंजूरी
छपरा विधायक छोटी कुमारी की पहल पर ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री ने प्रभुनाथ नगर से एनएच-722 तक सड़क निर्माण का आदेश दिया है। मंत्री ने कार्यपालक अभियंता को पहले गड्ढे भरने और फिर तुरंत पक्की सड़क बनाने के निर्देश दिए।
छपरा विधानसभा क्षेत्र के निवासियों की लंबे समय से चली आ रही आवागमन समस्या को लेकर विधायक छोटी कुमारी ने ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री से मुलाकात की। उन्होंने प्रभुनाथ नगर कदम्ब चौक से अतिथि विहार भवन होते हुए टाड़ी गांव के रास्ते एनएच-722 तक सड़क निर्माण की महत्वपूर्ण योजना पर विस्तार से चर्चा की और शीघ्र कार्रवाई का आग्रह किया।
जर्जर सड़क और गड्ढों से राहत देने के लिए मंत्री का सख्त निर्देश
सड़क की खराब स्थिति और जगह-जगह बने गड्ढों से राहगीरों को हो रही परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को तत्काल निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य शुरू होने से पहले सड़क के सभी गड्ढों को शीघ्र भरा जाए, ताकि स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को तुरंत राहत मिल सके।
कार्यपालक अभियंता को त्वरित सड़क निर्माण शुरू करने का आदेश
इसके साथ ही ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री ने विभाग के कार्यपालक अभियंता (एग्जिक्यूटिव इंजीनियर) से दूरभाष पर बात कर सड़क निर्माण की प्रशासनिक प्रक्रिया को जल्द से जल्द आगे बढ़ाने का निर्देश दिया। मंत्री ने प्रभुनाथ नगर कदम्ब चौक से एनएच-722 तक पक्की सड़क का निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराने के आदेश दिए।
क्षेत्रवासियों को मिलेगी राहत, विधायक ने जताया आभार
विधायक छोटी कुमारी ने कहा कि क्षेत्र की जनता की तात्कालिक समस्याओं को दूर करने के साथ-साथ स्थायी समाधान कराना उनकी पहली प्राथमिकता है। सड़क निर्माण पूरा होने से प्रभुनाथ नगर, टाड़ी गांव और आसपास के इलाकों के लोगों को सुगम यातायात की सुविधा मिलेगी। मंत्री के त्वरित कदम से स्थानीय निवासियों में खुशी की लहर है।
सारण से धर्मेन्द्र रस्तोगी की रिपोर्ट