सारण पुलिस को बड़ी सफलता:पंकज यादव हत्याकांड का पर्दाफाश, मुख्य शूटर करीमन समेत 4 गिरफ्तार; पिस्टल और कट्टा बरामद

सारण पुलिस ने मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में 28 जून को हुई सनसनीखेज गोलीबारी की घटना का सफल उद्भेदन कर लिया है।SSP के निर्देशन में गठित SIT ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य शूटर नंदन उर्फ करीमन, रेकी करने वाले निखिल, चालक कुंदन औरअंकित को किया गिरफतार

पंकज यादव हत्याकांड का पर्दाफाश, मुख्य शूटर करीमन समेत 4 गिरफ्तार- फोटो : Reporter

सारण पुलिस ने मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के चर्चित पंकज यादव हत्याकांड का सफल उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य शूटर सहित कुल चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। अपराधियों के पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया एक पिस्टल, एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) विनीत कुमार ने मुफ्फसिल थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस पूरी सफलता की जानकारी मीडिया से साझा की।


शादी समारोह से लौटते समय की गई थी अंधाधुंध फायरिंग

एसएसपी विनीत कुमार ने बताया कि घटना बीते 28 जून 2026 की रात की है, जब शादी समारोह से लौट रहे पंकज राय और मनीष राय पर मेथवलिया गांव के पास बाइक सवार अपराधियों ने जानलेवा हमला कर दिया था। बेखौफ अपराधियों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग की थी, जिसके बाद 29 जून को मुफ्फसिल थाने में कांड संख्या 464/26 दर्ज किया गया था। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से ही पुलिस अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगातार प्रयासरत थी।


एसआईटी का गठन और तकनीकी अनुसंधान से मिली सफलता

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर सदर-1 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया था। एसआईटी और डीआईयू सारण की टीम ने तकनीकी अनुसंधान (सर्विलांस) और मानवीय सूचना के आधार पर जाल बिछाकर चारों आरोपितों को दबोच लिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है।


रेकी करने वाले और चालक समेत चार गिरफ्तार, विधिक कार्रवाई जारी

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपितों में मुख्य शूटर नंदन उर्फ करीमन, रेकी करने वाला निखिल कुमार, वाहन चालक कुंदन कुमार और अंकित कुमार शामिल हैं। ये सभी आरोपित मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के ही रहने वाले हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वारदात में प्रयुक्त हथियार और मोबाइल जब्त कर लिए गए हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की अग्रिम विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

सारण से धर्मेन्द्र रस्तोगी की रिपोर्ट