Chhapra Firing News: तरैया में घर के बाहर बैठी महिला पर अंधाधुंध फायरिंग, 3 गोलियां लगीं, PMCH रेफर

छपरा के तरैया थाना क्षेत्र में अपने घर के बाहर बैठी महिला पर बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने दिनदहाड़े अंधाधुंध फायरिंग कर दी। महिला को 3 गोलियां लगी हैं। गंभीर हालत को देखते हुए छपरा सदर अस्पताल से उन्हें पटना के पीएमसीएच (PMCH) रेफर कर दिया गया

छपरा के तरैया में अपराधियों ने महिला को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ 3 गोलियां मारीं,- फोटो : Reporter

सारण जिले के तरैया थाना क्षेत्र में शनिवार की रात अपराधियों ने घर के बरामदे में बैठी एक महिला को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। अचानक हुई गोलीबारी की इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना तरैया गांव में भगवती स्थान के समीप की बताई जा रही है। घायल महिला की पहचान तरैया निवासी स्वर्गीय अवधेश सिंह की 55 वर्षीय पत्नी नीलम देवी के रूप में हुई है।


घटना के संबंध में बताया जाता है कि नीलम देवी शनिवार की रात अपने घर के बरामदे में बैठी हुई थीं। इसी दौरान अज्ञात अपराधी वहां पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगते ही महिला गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ीं। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।


परिजनों और स्थानीय लोगों ने आनन- फानन में खून से लथपथ नीलम देवी को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल तरैया पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल में उपचार के बाद स्थिति गंभीर रहने पर चिकित्सकों ने उन्हें पीएमसीएच रेफर कर दिया है। 


घटना के संबंध में स्थानीय लोगों की ओर से करीब पांच गोलियां चलने की बात कही जा रही है। वहीं, अस्पताल सूत्रों के अनुसार महिला के पैर और जांघ में तीन गोली लगने की बात सामने आई है। हालांकि गोलीबारी में कितनी गोलियां चलीं और महिला को कितनी गोलियां लगीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। घायल महिला के परिवार का तरैया के रामबाग में होटल का कारोबार है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि गोलीबारी की घटना के पीछे कोई पुराना विवाद, आपसी रंजिश या अन्य कारण तो नहीं है।


इस संबंध में तरैया थाने के थानाध्यक्ष सत्यम प्रताप ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना स्थल की जानकारी जुटाने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारण और वारदात में शामिल अपराधियों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल, देर रात घर के बरामदे में बैठी महिला को गोली मारने की घटना से तरैया क्षेत्र के लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई में जुटी है।

सारण से धर्मेन्द्र रस्तोगी की रिपोर्ट