स्वतंत्रता दिवस 2026: एकमा में उल्टा तिरंगा फहराने की तस्वीर वायरल, फजीहत के बाद आनन-फानन में सुधारा

सारण जिले के एकमा नगर पंचायत कार्यालय परिसर से स्वतंत्रता दिवस पर एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। ध्वजारोहण के दौरान यहां तिरंगा उल्टा फहरा दिया गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद आनन-फानन में कर्मचारियों ने झंडे को सही कर दोबारा फहराया

एकमा नगर पंचायत कार्यालय में उल्टा फहराया गया तिरंगा- फोटो : Reporter

सारण जिले के एकमा नगर पंचायत कार्यालय परिसर से एक बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज को उल्टा फहरा दिया गया। ध्वजारोहण के दौरान ध्यान न दिए जाने के कारण तिरंगे का हरा रंग ऊपर और केसरिया रंग नीचे की तरफ लहराता रहा, जिससे राष्ट्रीय ध्वज का अनादर हुआ।

सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीर

उल्टा तिरंगा फहराए जाने की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई। किसी स्थानीय नागरिक ने इस घटना की तस्वीर और वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। देखते ही देखते यह तस्वीर इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो गई, जिसके बाद स्थानीय लोगों और नागरिकों में भारी आक्रोश देखने को मिला।

गलती का अहसास होने पर सुधारा गया झंडा

मामला तूल पकड़ते ही और सोशल मीडिया पर फजीहत होने के बाद नगर पंचायत के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में कर्मचारियों ने पोल से तिरंगे को नीचे उतारा और उसे सही तरीके से (केसरिया रंग ऊपर रखकर) दोबारा फहराया। हालांकि, तब तक इस भारी चूक की तस्वीरें सार्वजनिक हो चुकी थीं।

कार्रवाई की मांग और जांच का विषय

इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं और इसे राष्ट्रीय ध्वज का गंभीर अपमान बताया है। लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय पर्व पर इस तरह की गैर-जिम्मेदाराना हरकत बर्दाश्त के बाहर है। अब देखना यह होगा कि इस बड़ी लापरवाही के जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर क्या कार्रवाई की जाती है।

सारण से धर्मेन्द्र रस्तोगी की रिपोर्ट