Bihar Fire News: दीपावली की रात बाइक रिपेयरिंग दुकान में भीषण आग, 5 बाइक समेत लाखों का सामान जलकर राख

Bihar Fire News: दीपावली की रात एक बड़ा अग्निकांड हो गया।एक बाइक रिपेयरिंग दुकान में अचानक भीषण आग लग गई।

बाइक रिपेयरिंग दुकान में भीषण आग- फोटो : reporter

Bihar Fire News: सारण जिले में दीपावली की रात एक बड़ा अग्निकांड हो गया। परसा थाना क्षेत्र के शंकरडीह गांव में एक बाइक रिपेयरिंग दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरी दुकान धू-धूकर जलने लगी। इस अग्निकांड में दुकान में मरम्मत के लिए रखी चार से पांच बाइक समेत कई कीमती सामान जलकर राख हो गए। दुकानदार के मुताबिक, इस घटना में लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।

पूजा के बाद दुकान बंद कर घर गए थे संचालक

घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक, शंकरडीह गांव निवासी भरत प्रसाद बाइक रिपेयरिंग की दुकान चलाते हैं। दीपावली के दिन उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और इसके बाद अपनी दुकान बंद कर घर चले गए। इसी दौरान देर रात अचानक दुकान से धुआं निकलने लगा। कुछ ही देर में आग की ऊंची लपटें उठने लगीं और देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।दुकान से निकलती आग की भयावह लपटों को देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीण मौके पर जुट गए और आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी।

बिजली विभाग ने काटी इलाके की बिजली

आग की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तत्काल दुकानदार भरत प्रसाद, परसा थाना और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। इसके साथ ही किसी दूसरी अनहोनी से बचने के लिए बिजली विभाग को भी मामले की जानकारी दी गई।सूचना मिलते ही बिजली विभाग ने संबंधित इलाके की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी, ताकि आग बुझाने के दौरान करंट से किसी तरह की दुर्घटना न हो। इसके बाद अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के लिए अभियान शुरू किया।

चार से पांच बाइक समेत कीमती सामान जलकर राख

अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक दुकान में रखा काफी सामान जलकर नष्ट हो चुका था। आग की चपेट में आने से चार से पांच बाइक, रिपेयरिंग से जुड़े उपकरण और अन्य कीमती सामान राख हो गए।दुकानदार भरत प्रसाद के अनुसार, इस अग्निकांड में लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। दुकान में रखा सामान जल जाने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

अग्निशमन कर्मियों की प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई गई है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।दीपावली की रात हुए इस अग्निकांड के बाद गांव में काफी देर तक अफरा-तफरी और चर्चा का माहौल बना रहा। गनीमत रही कि दुकान बंद होने के कारण इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। त्योहार की खुशियों के बीच दुकानदार भरत प्रसाद को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

रिपोर्ट-धर्मेंद्र रस्तोगी