Patna Air Pollution: पटना में प्रदूषण का बढ़ा प्रकोप, 24 घंटे में 121 अंक उछला AQI, सांस के रोगियों की बढ़ी परेशानी

Patna Air Pollution:पटना में दीपावली के बाद वायु प्रदूषण का प्रकोप तेजी से बढ़ गया है।...

Patna Air Pollution
पटना में प्रदूषण का बढ़ा प्रकोप- फोटो : social Media

Patna Air Pollution:पटना में दीपावली के बाद वायु प्रदूषण का प्रकोप तेजी से बढ़ गया है। पटाखों के धुएं ने शहर की आबोहवा को जहरीला बना दिया है। सोमवार सुबह हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में पहुंच गई। शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 9 नवंबर को बढ़कर 271 दर्ज किया गया, जबकि 8 नवंबर को यह 150 था। इस तरह महज 24 घंटे के भीतर AQI में 121 अंकों का इजाफा हुआ है।इससे सास के रोगियों की परेशानी बढ़ गई है। यहीं नहीं वृद्द लोगों को भी सावधानी परतने की सलाह चिकित्सक दे रहे हैं।दीपावली के मौके पर लोगों ने जमकर आतिशबाजी की, जिसका असर अब शहर की फिजा में साफ नजर आने लगा है। कई इलाकों में धुंध और धुएं की चादर छाई रही। इसके कारण दृश्यता यानी विजिबिलिटी भी प्रभावित हुई। सुबह के समय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।

बच्चों और बुजुर्गों की बढ़ी मुश्किलें

वायु गुणवत्ता सूचकांक 201 से 300 के बीच रहने पर हवा को खराब श्रेणी में रखा जाता है। इस स्तर पर लंबे समय तक प्रदूषित हवा में सांस लेने से लोगों को सांस संबंधी परेशानी, खांसी और आंखों में जलन जैसी दिक्कतें हो सकती हैं। बच्चों, बुजुर्गों और अस्थमा के मरीजों के लिए स्थिति अधिक चिंताजनक हो सकती है।विशेषज्ञों की सलाह है कि ऐसे हालात में लोग सुबह और देर शाम खुले वातावरण में ज्यादा देर तक रहने से बचें। सांस की बीमारी से पीड़ित लोगों को विशेष एहतियात बरतनी चाहिए।

सुबह हल्की ठंड, दोपहर में गर्मी का एहसास

दूसरी ओर, बिहार में नवंबर का दूसरा सप्ताह शुरू होते ही मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। सुबह और रात के वक्त हल्की ठंड महसूस होने लगी है, जबकि दोपहर में तेज धूप के कारण गर्मी का एहसास बरकरार है। मौसम में इस उतार-चढ़ाव से लोगों को दिन और रात के तापमान में अंतर महसूस हो रहा है।सोमवार को भी प्रदेश के कई इलाकों में सुबह के समय हल्की धुंध छाए रहने की संभावना है। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ होने और धूप निकलने का अनुमान है।

अगले 24 घंटे कैसा रहेगा बिहार का मौसम?

मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले 24 घंटे तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। किसी भी जिले के लिए बारिश या आंधी को लेकर चेतावनी जारी नहीं की गई है। वहीं, अगले चार से पांच दिनों तक अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।बिहार में फिलहाल सुबह-शाम हल्की ठंड और दोपहर में गर्मी का मिला-जुला असर बना रहेगा। वहीं, पटना में दीपावली के बाद बढ़ा वायु प्रदूषण लोगों के लिए चिंता का सबब बना हुआ है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि आने वाले दिनों में हवा की गुणवत्ता में कितना सुधार होता है।