गोदना-सेमरिया मेला: सरयू तट पर कार्तिक पूर्णिमा स्नान, कोसी भरने और लौंडा नाच की अनूठी परंपरा

बिहार, यूपी, झारखंड और नेपाल तक से श्रद्धालुओं को खींचने वाला सारण का गोदना-सेमरिया मेला आस्था और लोकसंस्कृति का अनूठा संगम है। सरयू तट पर कार्तिक पूर्णिमा स्नान से लेकर मन्नत पूरी होने पर कोसी भरने और लौंडा नाच की सदियों पुरानी परंपरा तक, पढ़ें

कार्तिक पूर्णिमा स्नान, कोसी भरने और लौंडा नाच की अनूठी परंपरा- फोटो : Reporter

सारण जिले के रिविलगंज प्रखंड में सरयू नदी के तट पर लगने वाला गोदना-सेमरिया मेला अपनी विशिष्ट धार्मिक मान्यताओं और सदियों पुरानी लोक परंपराओं के लिए जाना जाता है। रामायण काल से जुड़ी मान्यताओं के अनुसार यह क्षेत्र हनुमान जी का ननिहाल होने के साथ-साथ न्याय के पुरोधा महर्षि गौतम ऋषि की तपोभूमि भी माना जाता है। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर यहां सरयू नदी के तट पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ता है।


इस मेले में बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड और नेपाल तक से बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने परिवार के साथ पहुंचते हैं। कार्तिक पूर्णिमा की सुबह सरयू मैया में आस्था की डुबकी लगाकर लोग सुख, समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना करते हैं। दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु रात में ही मेले में पहुंचने लगते हैं, ताकि सुबह होने से पहले घाट पर स्नान कर सकें। मेले में पुरुषों के साथ महिलाओं और बच्चों की भी बड़ी भागीदारी रहती है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जिला प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की ओर से घाटों की साफ-सफाई, रोशनी और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं कराई जाती हैं। वहीं, रातभर सांस्कृतिक कार्यक्रमों और लोकगीतों की गूंज मेले के माहौल को उत्सवी बनाए रखती है।


मन्नत पूरी होने पर निभाई जाती है अनूठी परंपरा

गोदना-सेमरिया मेले की पहचान केवल कार्तिक पूर्णिमा के स्नान तक सीमित नहीं है। यहां मन्नत मांगने और पूरी होने पर विशेष पूजा-अर्चना करने की एक अनूठी परंपरा भी प्रचलित है। मान्यता है कि सरयू मैया के दरबार में मांगी गई मुराद पूरी होने पर श्रद्धालु अगले वर्ष विशेष अनुष्ठान के लिए पहुंचते हैं। खासकर महिलाएं संतान प्राप्ति, पुत्र-पुत्री के विवाह और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना लेकर यहां आती हैं। मन्नत पूरी होने पर वे अगले वर्ष अपने पूरे परिवार के साथ घाट पर पहुंचती हैं। पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना की जाती है और सरयू नदी के तट पर कोसी भरी जाती है। इस दौरान महिलाएं पारंपरिक लोकगीतों और भजनों के माध्यम से अपनी श्रद्धा प्रकट करती हैं।


जमीन पर बिछता है महिला का आंचल, होता है लौंडा नाच

इस पूजा की सबसे खास और अनूठी परंपरा लौंडा नाच से जुड़ी है। मान्यता के अनुसार, अनुष्ठान के दौरान महिला अपना आंचल जमीन पर बिछाती है और उसी आंचल पर पारंपरिक लौंडा नाच का आयोजन होता है। इस दौरान परिवार के सदस्य अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार नृत्य करने वाले कलाकारों को नकद राशि और आभूषण भेंट करते हैं। मेले में इस परंपरा को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटती है। लोकगीतों की धुन, पारंपरिक पूजा और लौंडा नाच का यह संगम गोदना-सेमरिया मेले को दूसरी जगहों के मेलों से अलग पहचान देता है।


आधुनिक दौर में भी कायम है दशकों पुरानी परंपरा

समय के साथ मेले का स्वरूप बदला है और आधुनिकता का प्रभाव भी यहां दिखाई देने लगा है, लेकिन गोदना-सेमरिया मेले की यह पारंपरिक रस्म आज भी जीवित है। महिलाएं पीढ़ियों से चली आ रही मान्यताओं और रीति-रिवाजों को पूरी श्रद्धा के साथ निभा रही हैं।

यही वजह है कि गोदना-सेमरिया मेला केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि सारण की समृद्ध लोकसंस्कृति और परंपराओं का भी महत्वपूर्ण प्रतीक बना हुआ है। सरयू के तट पर हर साल जुटने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ और आस्था से जुड़ी ये अनूठी रस्में इस मेले की अलग पहचान को आज भी कायम रखे हुए हैं।

सारण से धर्मेंद्र रस्तोगी की रिपोर्ट