Sonpur Mela 2026:आधुनिक फूड कोर्ट, 50 बायो-टॉयलेट और बिहार के हर जिले के पारंपरिक व्यंजनों से सजेगा सोनपुर मेला; डीएम वैभव श्रीवास्तव ने की तैयारियों की समीक्षा
विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 को भव्य बनाने के लिए सारण डीएम वैभव श्रीवास्तव ने तैयारियों की समीक्षा की। मेले में आधुनिक फूड कोर्ट, 50 बायो-टॉयलेट और विशेष ट्रैफिक व्यवस्था होगी।
एशिया प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला- 2026 को इस बार भव्य, आकर्षक और आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और परंपराओं के लिए विश्वविख्यात इस मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर अनुभव देने के लिए जिला प्रशासन ने सुविधाओं का दायरा बढ़ाने की योजना बनाई है। मेले में आधुनिक फूड कोर्ट के साथ बिहार के सभी जिलों के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद मिलेगा। वहीं, बड़े प्रतिष्ठित ब्रांडों के स्टॉल, आर्ट एंड क्राफ्ट मेला, सांस्कृतिक कार्यक्रम और ग्रामीण परिवेश की झलक भी आकर्षण का केंद्र बनेगी। स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, प्रकाश, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को लेकर भी व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
हरिहरनाथ क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। समाहरणालय स्थित उनके कार्यालय कक्ष में आयोजित बैठक में जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे, जबकि अन्य संबंधित पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। मेले की व्यवस्थाओं के लिए चयनित एजेंसियों और वेंडरों के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया। डीएम ने अलग-अलग विभागों की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने का निर्देश दिया।
पारंपरिक स्वाद के साथ आधुनिक फूड कोर्ट बनेगा आकर्षण
इस बार मेले में खान-पान की व्यवस्था को विशेष पहचान देने की तैयारी है। इसके लिए मेला परिसर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त फूड कोर्ट विकसित किया जा रहा है। यहां बिहार के सभी जिलों के विशिष्ट और पारंपरिक व्यंजनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित जिलाधिकारियों को पत्र भेजने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा बड़े और प्रतिष्ठित ब्रांडों को भी स्टॉल आवंटित किए जाएंगे। फूड कोर्ट के संचालन और व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए अपर समाहर्ता, आपूर्ति की अध्यक्षता में समिति गठित की जाएगी। यहां पेयजल, वॉशरूम, प्रकाश और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी। आर्ट एंड क्राफ्ट मेला में भी खान-पान के स्टॉल विकसित किए जाएंगे। इसकी खासियत यह होगी कि अंदर आधुनिक फूड कैफे का स्वरूप रहेगा, जबकि बाहरी हिस्से में ग्रामीण परिवेश और पारंपरिक खान-पान की झलक दिखाई जाएगी। इससे मेले में आने वाले लोगों को आधुनिकता के साथ बिहार की स्थानीय संस्कृति और खान-पान का अनुभव मिलेगा।
50 बायो-टॉयलेट से मिलेगी शौचालय की सुविधा
श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए मेला क्षेत्र में 50 बायो-टॉयलेट स्थापित करने की तैयारी है। इसके लिए एसडीओ सोनपुर को उपयुक्त स्थलों का चयन करने का निर्देश दिया गया है। कार्यपालक अभियंता, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग और एसडीओ सोनपुर संयुक्त रूप से पेयजल एवं वॉशरूम की जरूरतों का आकलन कर विस्तृत रिपोर्ट देंगे। इसके साथ ही सोनपुर नगर क्षेत्र में यूरिनल, स्ट्रीट लाइट, सार्वजनिक शौचालय और अन्य जनसुविधाओं के उन्नयन की भी समीक्षा की गई। जरूरतमंद लोगों के ठहरने के लिए रैन बसेरा निर्माण की योजना पर भी काम होगा। इसके लिए एसडीओ और अंचलाधिकारी सोनपुर को उपयुक्त स्थल चिह्नित करने की जिम्मेदारी दी गई है।
जोनवार सफाई और रोशनी की होगी व्यवस्था
मेले में स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था को लेकर चयनित एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। मेला क्षेत्र की जरूरत के अनुसार जोनवार सफाई कर्मियों की प्रतिनियुक्ति होगी। नियमित सफाई के साथ कचरे का उचित प्रबंधन सुनिश्चित किया जाएगा। इसकी निगरानी के लिए जिला स्तरीय टीम गठित होगी। इसी तरह सभी जोन में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विद्युत एजेंसी को समय से कार्य पूरा करने और गुणवत्ता बनाए रखने का निर्देश दिया गया है।
जेपी सेतु पर क्रेन, इंग्लिश बाजार से हटेंगे ट्रैक्टर
मेले में श्रद्धालुओं और वाहनों की संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था पर विशेष जोर दिया गया है। एसडीओ सोनपुर ने इंग्लिश बाजार से ट्रैक्टर हटाने की कार्रवाई की जानकारी दी। जहां पर्याप्त जगह उपलब्ध है, वहां व्यवस्थित पार्किंग स्थल विकसित करने का निर्देश दिया गया। जेपी सेतु के दोनों ओर एक-एक क्रेन और एक अतिरिक्त स्पेयर क्रेन की उपलब्धता सुनिश्चित करने की व्यवस्था पूरी होने की जानकारी भी दी गई। मेला क्षेत्र में ड्रॉप गेट की सूची भवन निर्माण विभाग को उपलब्ध कराने की बात कही गई। प्रशासन का जोर है कि मेले के दौरान यातायात का संचालन सुचारु रहे और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
IOCL की पाइपलाइन के आसपास बिना समन्वय नहीं होगी खुदाई
विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय के लिए सोनपुर मेला से जुड़े सभी पदाधिकारियों और विभागों का एक समन्वय ग्रुप बनाया जाएगा। इसमें IOCL के प्रतिनिधियों को भी शामिल किया जाएगा। डीएम ने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण अथवा अन्य विकास कार्यों के दौरान जहां IOCL की पाइपलाइन या अन्य लाइन बिछी है, वहां संबंधित प्रतिनिधि की उपस्थिति और समन्वय के बिना किसी भी परिस्थिति में खुदाई नहीं की जाए। इसका उद्देश्य संभावित दुर्घटनाओं और पाइपलाइन को होने वाले नुकसान से बचाव करना है। सभी विभागों को अपने प्रदर्शनी स्टॉल पर प्रदर्शित होने वाली सामग्री और गतिविधियों का पहले से निर्धारण करने का भी निर्देश दिया गया।
कंट्रोल रूम और मीडिया सेंटर होंगे संसाधनों से लैस
मेले के दौरान प्रशासनिक गतिविधियों और सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान के लिए स्वागत कक्ष, मीडिया सेल, प्रशासनिक भवन, जिला नियंत्रण कक्ष और मीडिया सेंटर की व्यवस्था की समीक्षा की गई। डीएम ने सभी केंद्रों को आवश्यक उपकरणों और संसाधनों से सुसज्जित रखने का निर्देश दिया। विभिन्न विभागों के प्रदर्शनी स्टॉल, थाना और कंट्रोल रूम के आसपास प्रस्तावित कार्यों की प्रगति का आकलन करने के लिए जिला स्तरीय टीम गठित की जाएगी। यह टीम पूर्ण और लंबित कार्यों की अद्यतन रिपोर्ट तैयार करेगी। वेलकम गेट और वीआईपी लाउंज सहित सभी प्रमुख स्थलों की तैयारियां भी समय से पूरी करने को कहा गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजेगा मेला परिसर
सोनपुर मेले की सांस्कृतिक पहचान को और समृद्ध बनाने के लिए मेला अवधि में होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी। कार्यक्रमवार आयोजन का निर्धारण करने के साथ विभिन्न जनप्रतिनिधियों को आमंत्रण पत्र भेजने और संबंधित मंत्रियों की सहभागिता के लिए सहमति प्राप्त करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा चयनित वेंडरों और एजेंसियों के कार्यों की गुणवत्ता जांचने के लिए सत्यापन समिति गठित होगी। भवन निर्माण विभाग की ओर से बैरिकेडिंग प्लान एसडीओ सोनपुर से अनुमोदित कराकर प्रशासनिक स्वीकृति के लिए भेजे जाने की जानकारी दी गई।
समयसीमा में पूरी होंगी तैयारियां
डीएम वैभव श्रीवास्तव ने सभी विभागों और चयनित एजेंसियों को निर्देश दिया कि मेला आयोजन की तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं, पर्यटकों और आम नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं बेहतर सुविधाओं से युक्त वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
सारण से धर्मेंद्र रस्तोगी की रिपोर्ट