Saran Bihar Flood News: सारण में 130 गांव बाढ़ की चपेट में, 96 नावों और 16 मेडिकल कैंप से राहत

सारण जिले में बाढ़ से हाहाकार 8 प्रखंडों की 40 पंचायतों के 130 गांव बाढ़ के पानी से घिरे, 2.41 लाख से अधिक की आबादी प्रभावित। जिला प्रशासन द्वारा 96 नावों, 9 सामुदायिक रसोई और 16 मेडिकल कैंपों के ज़रिए युद्धस्तर पर राहत कार्य चलाया जा रहा है।।

सारण में बाढ़ का कहर! 8 प्रखंडों के 130 गांवों में फैला पानी, ढाई लाख से अधिक लोग प्रभावित- फोटो : Reporter

बिहार के सारण जिले में बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है। जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले के 8 प्रखंडों की 40 पंचायतों और नगर पंचायत क्षेत्रों के कुल 130 गांव बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं। इससे करीब 2,41,932 लोग सीधे तौर पर प्रभावित हुए हैं। जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए जिला प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है।


नावों के सहारे सुरक्षित निष्क्रमण और आवागमन

जलमग्न इलाकों से लोगों को बाहर निकालने के लिए प्रशासन मुस्तैद है और अब तक 1,200 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। प्रभावित क्षेत्रों में आवागमन और राहत सामग्री पहुंचाने के लिए 96 नावों का परिचालन किया जा रहा है। जिला मुख्यालय और स्थानीय प्रशासन की टीम पूरी स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में तुरंत सहायता पहुंचाई जा सके।


सामुदायिक रसोई, राशन और पॉलीथिन का वितरण

विस्थापित लोगों के लिए 2 मुख्य बाढ़ आश्रय स्थल और 9 सामुदायिक रसोई केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से अब तक 55,730 से अधिक लोगों को भोजन उपलब्ध कराया गया है। इसके अलावा जरूरतमंदों के बीच 18,044 ड्राई राशन पैकेट और बारिश व धूप से बचाव के लिए 20,919 पॉलीथिन शीट्स का वितरण किया जा चुका है।

चिकित्सा शिविर और पशु संरक्षण के इंतजाम

बीमारियों के प्रसार को रोकने के लिए बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 16 मेडिकल कैंप लगाए गए हैं, जहां मोबाइल मेडिकल टीम मुफ्त जांच व दवाएं बांट रही है। वहीं पशुधन की सुरक्षा के लिए 8 पशु आश्रय स्थल बनाए गए हैं, जिनमें 678 मवेशियों को रखा गया है। इन शिविरों में पशुओं के चारे, पीने के पानी और पशु चिकित्सकों द्वारा इलाज की पूरी व्यवस्था की गई है।

सारण से धर्मेन्द्र रस्तोगी की रिपोर्ट