बिहार के सारण में सनसनीखेज वारदात: बगौछिया गांव में चाकूबाजी, जिगरी दोस्त की हत्या कर थाने पहुंचा आरोपी
सारण (छपरा) जिले के जनता बाजार थाना क्षेत्र के बगौछिया गांव में दोस्ती को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है।मामूली विवाद में एक युवक ने अपने ही दोस्त की चाकू से गोदकर हत्या कर दी।घटना के बाद आरोपी ने खून से सने चाकू के साथ थाने में सरेंडर किया।
बिहार के सारण जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां दोस्ती के रिश्ते को तार-तार करते हुए एक युवक ने अपने ही जिगरी दोस्त की हत्या कर दी। यह घटना जनता बाजार थाना क्षेत्र के बगौछिया गांव की है। शुक्रवार देर रात 17 वर्षीय किशोर की धारदार चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या किए जाने के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मामूली विवाद से खूनी साजिश तक का सफर
मृतक की पहचान बगौछिया गांव निवासी जिउत राम के 17 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसी गांव का रहने वाला आकाश कुमार है। दोनों के बीच गहरी दोस्ती थी और वे अक्सर साथ ही रहते थे। ग्रामीणों के अनुसार, गुरुवार को दोनों के बीच किसी बात को लेकर मामूली विवाद हुआ था। इसी विवाद के चलते आकाश ने सोची-समझी योजना बनाई और शुक्रवार देर रात रोहित को घर से बाहर बुलाकर सुनसान जगह पर ले गया, जहां उसने चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी।
आरोपी ने खून से सने चाकू के साथ किया सरेंडर
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी आकाश कुमार खुद खून से सना चाकू लेकर जनता बाजार थाने पहुंच गया। उसने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल करते हुए आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया धारदार चाकू बरामद कर लिया है। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल और गांव में सन्नाटा
इस वीभत्स घटना के बाद मृतक रोहित कुमार के घर में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है। किसी को भी यकीन नहीं हो रहा कि घर आने-जाने वाला दोस्त ही जान का दुश्मन बन जाएगा। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल (FSL) जांच और आरोपी से पूछताछ के आधार पर मामले की तहकीकात कर रही है।
तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात
दोनों पक्षों के एक ही गांव के होने के कारण इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। जनता बाजार थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है ताकि विवाद की मुख्य वजह का पता लगाया जा सके। अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए बगौछिया गांव में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और पुलिस स्थिति पर पूरी नजर बनाए हुए है।
सारण से धर्मेन्द्र रस्तोगी की रिपोर्ट