दीपावली की रोशनी के बीच बुझ गया घर का चिराग, जवान बेटे की मौत से बिलख रही मां

सारण जिले के इसुआपुर के इंजीनियर राहुल कुमार सिंह का शव यूपी के बरेली में रामगंगा नदी से मिला। दीपावली के दिन घर में पसरा मातम, परिजनों ने कंपनी पर अत्यधिक कार्य दबाव और लापरवाही का आरोप लगाया है।

दीपावली पर उजड़ गया सारण का एक हंसता-खेलता परिवार- फोटो : Reporter

दीपावली का त्योहार था। घर- आंगन दीपों की रोशनी से जगमगा रहे थे। हर तरफ खुशियों और उल्लास का माहौल था। लेकिन सारण जिले के इसुआपुर प्रखंड अंतर्गत सुमहा गांव के एक घर में इस बार दीपावली की खुशियां नहीं, बल्कि मातम पसरा हुआ है। जिस मां ने अपने जवान बेटे की लंबी उम्र और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए दीप जलाए होंगे, आज उसी मां की आंखों से आंसुओं की धारा थमने का नाम नहीं ले रही है। घर का चिराग बुझ जाने से परिवार पर दुखों का ऐसा पहाड़ टूटा है, जिससे उबर पाना परिजनों के लिए आसान नहीं है। गांव के राहुल कुमार सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है।


दो भाइयों में बड़े राहुल परिवार की उम्मीद थे। रोजगार की तलाश और बेहतर भविष्य का सपना लेकर वह करीब दो महीने पहले उत्तर प्रदेश के बरेली गए थे। वहां एक इलेक्ट्रिक कंपनी में इंजीनियर के पद पर काम कर रहे थे। परिवार को उम्मीद थी कि राहुल अपनी कड़ी मेहनत और लगन से न केवल अपना भविष्य संवारेंगे, बल्कि घर- परिवार की जिम्मेदारियों को भी बेहतर तरीके से निभाएंगे। लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि रोजगार के लिए घर से निकला बेटा एक दिन इस तरह खामोश होकर लौटेगा।


रामगंगा नदी से बरामद हुआ शव, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ 

रविवार को बरेली में रामगंगा नदी से राहुल का शव बरामद किया गया। इसकी सूचना मिलते ही सुमहा गांव स्थित उनके घर में चीख- पुकार मच गई। मां मीरा देवी पर मानो वज्रपात हो गया। जिस बेटे को उन्होंने बड़े अरमानों से पाला- पोसा और बेहतर भविष्य के लिए घर से दूर भेजा था, उसकी मौत की खबर ने उन्हें पूरी तरह तोड़ दिया। परिवार के अन्य सदस्यों का भी रो- रोकर बुरा हाल हो गया। परिजन बरेली पहुंचे और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव लेकर गांव आए। अंतिम संस्कार के बाद परिजन सोमवार को वापस लौटे हैं। घर में अब राहुल की यादें और उनके साथ बिताए पलों की बातें ही शेष रह गई हैं।


कंपनी में अत्यधिक काम के दबाव का आरोप 

राहुल के भाई ऋतुराज कुमार सिंह ने कंपनी प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि राहुल पर लगातार अत्यधिक काम का दबाव बनाया जा रहा था। इसके कारण वह मानसिक तनाव में रहते थे। ऋतुराज ने आशंका जताई है कि काम के दबाव और तनाव के कारण ही राहुल ने रामगंगा नदी में छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। हालांकि, यह परिजनों की आशंका है और अभी तक मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद भी कंपनी प्रबंधन की ओर से किसी जिम्मेदार अधिकारी ने उनसे समुचित संपर्क नहीं किया और न ही राहुल के संबंध में जरूरी जानकारी उपलब्ध कराई। परिवार ने कंपनी की कार्यप्रणाली और प्रबंधन की भूमिका पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की है।


निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग

परिजनों ने पुलिस प्रशासन से राहुल की मौत की परिस्थितियों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि कंपनी में काम के दबाव, राहुल की परिस्थितियों और घटना के बाद प्रबंधन की भूमिका की भी गहराई से जांच होनी चाहिए। यदि जांच में किसी की लापरवाही या जिम्मेदारी सामने आती है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। दीपावली पर हर घर में खुशियों के दीप जल रहे थे, लेकिन सुमहा गांव के इस परिवार के लिए यह त्योहार जीवनभर का दर्द बन गया। मां मीरा देवी की सूनी आंखें बार-बार अपने बेटे को तलाश रही हैं। जिस आंगन में बेटे की वापसी की राह देखी जा रही थी, वहां अब उसकी तस्वीर के सामने आंसू बह रहे हैं। एक परिवार की खुशियां उजड़ गईं और पीछे रह गए कई अनुत्तरित सवाल।

सारण से धर्मेंद्र रस्तोगी रिपोर्ट