29th Sepak Takraw National: सब जूनियर अंडर-14 में बिहार बना राष्ट्रीय चैंपियन,सारण की बेटियों का जलवा
श्रीनगर में आयोजित 29वीं सब जूनियर सेपक टकरा नेशनल चैंपियनशिप के अंडर-14 बालिका वर्ग में बिहार की टीम ने स्वर्ण पदक जीता। सारण की निधि, हिना और प्रियंशी ने शानदार प्रदर्शन किया।निधि तिवारी ने लगातार दूसरे साल जीता गोल्ड
जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में 5 से 10 सितंबर तक आयोजित 29वीं सब जूनियर सेपक टकरा नेशनल चैंपियनशिप में बिहार की बालिका टीम ने ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। सब जूनियर अंडर-14 डबल बालिका वर्ग में सारण की बेटियों ने अपने शानदार और अनुशासित खेल के दम पर बिहार को राष्ट्रीय चैंपियन बनाकर गौरवान्वित किया। इस स्वर्णिम जीत में सारण जिले की तीन प्रतिभावान खिलाड़ियों—निधि तिवारी, हिना खान और प्रियंशी कुमारी ने मुख्य भूमिका निभाई।
निधि तिवारी का लगातार दूसरा राष्ट्रीय स्वर्ण, सारण का बढ़ाया मान
सारण की स्टार खिलाड़ी निधि तिवारी के लिए यह जीत बेहद खास रही, क्योंकि उन्होंने लगातार दूसरे साल राष्ट्रीय स्तर पर यह उपलब्धि हासिल की है। शहर के भागवत विद्यापीठ की छात्रा निधि ने इससे पहले भी सब जूनियर नेशनल चैंपियनशिप की डबल स्पर्धा में बिहार के लिए स्वर्ण पदक जीता था। उनकी इस निरंतरता और उत्कृष्ट प्रदर्शन से जिले के खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है, वहीं टीम की अन्य सदस्य हिना और प्रियंशी के प्रदर्शन ने भी जीत में अहम योगदान दिया।
प्रशिक्षकों और खेलप्रेमियों ने दी बधाई, प्रतिभाओं को सराहा
खिलाड़ियों की इस बड़ी कामयाबी पर जिला सेपक टकरा संघ की अध्यक्ष तनुजा विकास सिंह, सचिव सह कोच तरुण कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष राजेश झा और बिहार सेपक टकरा संघ के सचिव डॉ. करुणेश कुमार ने बधाई दी। इसके साथ ही भागवत विद्यापीठ के प्राचार्य डॉ. अमरेन्द्र सिंह, वीएन उपाध्याय और कबड्डी कोच हिमांशु सिंह समेत कई खेल विशेषज्ञों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उन्नत प्रशिक्षण और नियमित अभ्यास से निखर रही हैं जिले की प्रतिभाएं
संघ के सचिव तरुण कुमार सिंह ने बताया कि सारण की खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर बेहतर प्रशिक्षण और मंच उपलब्ध कराया जा रहा है। निधि, प्रियंशी, सृष्टि और मुस्कान वर्तमान में एकलव्य भगवानपुर तथा मुजफ्फरपुर खेल केंद्रों में प्रशिक्षित हो रही हैं। प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और नियमित अभ्यास के कारण ही खिलाड़ियों के खेल में निरंतर निखार आ रहा है, जिसने सारण जिले को सेपक टकरा खेल के एक उभरते केंद्र के रूप में स्थापित कर दिया है।
सारण से धर्मेन्द्र रस्तोगी की रिपोर्ट