Marhaura Crime News: उंगलियों में फंसी जलती सिगरेट और दिनदहाड़े अपराधियों ने मार दी गोली! जानें हत्या की वजह
सारण के मढ़ौरा स्थित तेजपुरवा चौक पर दिनदहाड़े 26 वर्षीय बिट्टू कुमार की गोली मारकर हत्या। युवक की निर्मम हत्या से भड़के ग्रामीण। 5 थानों की पुलिस के साथ पहुंचे SSP, आश्वासन के बाद शांत हुआ आक्रोश।
सारण जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत तेजपुरवा चौक पर सोमवार को अपराधियों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए एक 26 वर्षीय युवक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान पटेढ़ी बैज गांव निवासी धर्मनाथ सिंह के इकलौते पुत्र बिट्टू कुमार के रूप में हुई है। घटना के समय बिट्टू चौक पर किसी काम से रुका हुआ था, तभी एक ही बाइक पर सवार होकर आए तीन नकाबपोश अपराधियों ने उसके सिर में सामने से गोली मार दी। गोली लगते ही युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जिसके बाद अपराधी रेल फैक्ट्री रोड से गौरा की तरफ तेजी से फरार हो गए।
हाथ में जलती सिगरेट और मौके पर ही मौत
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, बिट्टू कुमार तेजपुरवा चौक स्थित एक पान की दुकान पर रुका था। वह दुकान से सिगरेट लेकर पी ही रहा था कि अचानक बाइक सवार अपराधी वहां पहुंचे और बिना संभलने का मौका दिए उसके सिर को निशाना बनाकर गोली चला दी। हमला इतना अचानक और सटीक था कि बिट्टू को बचने का कोई अवसर नहीं मिला। जब वह जमीन पर गिरा तो उसकी उंगलियों के बीच सिगरेट का अवशेष जलता हुआ फंसा रह गया। इस दुस्साहस भरी वारदात से पूरे बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
आक्रोशित ग्रामीणों का सड़क जाम और पुलिस छावनी में तब्दील इलाका
घटना की खबर फैलते ही सैकड़ों की संख्या में स्थानीय ग्रामीण और परिजन मौके पर एकत्र हो गए। अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी और वरीय अधिकारियों को बुलाने की मांग को लेकर लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया तथा छपरा-मढ़ौरा मुख्य पथ को पूरी तरह से जाम कर दिया। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए मढ़ौरा पुलिस के साथ-साथ एसडीपीओ वन सुविंदर कुमार दास मौके पर पहुंचे। बढ़ते जनाक्रोश को नियंत्रित करने के लिए अमनौर, मकेर, गौरा और भेल्दी थाने की पुलिस बल के साथ-साथ एसएलएफ की टीम को भी तैनात किया गया, जिससे पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया।
एसएसपी के आश्वासन के बाद शांत हुआ उग्र विरोध
ग्रामीणों के लगातार विरोध और वरीय पुलिस अधीक्षक को बुलाने की मांग पर सारण के एसएसपी विनीत कुमार स्वयं घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से बात कर उन्हें ढांढस बंधाया और अपराधियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी का कड़ा आश्वासन दिया। एसएसपी ने आम लोगों से शांति बनाए रखने और पुलिस अनुसंधान में सहयोग करने की अपील की। उनके आश्वासन के बाद आक्रोशित लोग शांत हुए और लगभग दो घंटे से अधिक समय से बाधित छपरा-मढ़ौरा मुख्य मार्ग पर आवागमन बहाल हो सका। इसके बाद पुलिस ने शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेजा।
वित्तीय लेन-देन और पर्सनल लोन से जुड़ा विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या के पीछे वित्तीय लेन-देन या रुपयों के विवाद की बात सामने आ रही है। जानकारी के अनुसार, मृतक बिट्टू कुमार बजाज फाइनेंस में पर्सनल लोन सेक्टर में कार्यरत था। दो दिन पहले भी उसका किसी के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर गंभीर विवाद हुआ था। पुलिस इस कोण से जांच कर रही है कि क्या फाइनेंस के काम से जुड़ी किसी रंजिश या उधारी के विवाद के कारण इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया है।
सीसीटीवी फुटेज से अपराधियों की पहचान और हिरासत
घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। सूत्रों के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में बाइक सवार अपराधियों की गतिविधियां दर्ज हुई हैं, जिसके आधार पर पुलिस उनकी पहचान में जुट गई है। इसके अलावा, मृतक की मां द्वारा बताए गए कुछ संदिग्ध व्यक्तियों के नामों की भी गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस ने संदेह के आधार पर एक-दो लोगों को हिरासत में लिया है और गुप्त स्थान पर उनसे पूछताछ की जा रही है।
सारण से धर्मेन्द्र रस्तोगी की रिपोर्ट