सारण में स्कूली छात्रा के अपहरण की कोशिश नाकाम: 112 पुलिस की त्वरित कार्रवाई, बक्से में बंद मिली किशोरी
मशरख में स्कूल जा रही 14 साल की छात्रा को जबरन गाड़ी में बैठाकर ले गए 2 बदमाश,सूचना मिलते ही एक्टिव हुई गश्ती पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को दबोचा और पास के निर्माणाधीन मकान में रखे बक्से से छात्रा को सुरक्षित बरामद किया।
बिहार के जमुई, समस्तीपुर और मधेपुरा में युवतियों से छेड़छाड़ और अश्लील हरकत से जुड़े मामले अभी चर्चा में ही हैं कि सारण से स्कूली छात्रा को जबरन वाहन में बैठा कर ले जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सारण जिले के मशरख थाना क्षेत्र अंतर्गत स्कूल जा रही 14 वर्षीय छात्रा को चार पहिया वाहन सवार दो युवकों ने कथित तौर पर जबरन गाड़ी में बैठा लिया। इसके बाद दोनों युवक छात्रा को लेकर भागने लगे।घटना को उसी रास्ते से पढ़ने जा रहे एक युवक ने देख लिया। उसने तत्काल छात्रा के घर फोन कर परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया। परिजन मुख्य मार्ग की ओर दौड़े। आसपास के लोगों को भी घटना की जानकारी हुई तो पुलिस को सूचना दी गई।
112 की गश्ती टीम ने शुरू की तलाश
अपहरण जैसी घटना की सूचना मिलते ही 112 की गश्ती पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू कर दी। कुछ ही देर में वाहन के संबंध में अहम जानकारी मिली। पता चला कि संदिग्ध चार पहिया वाहन मशरख रेलवे ढाला के पूरब कृष्णा होटल के पास रुका हुआ है। पुलिस टीम तत्काल परिजनों के साथ वहां पहुंची। होटल संचालक से पूछताछ की गई। इसके बाद पुलिस ने मौके से दोनों युवकों को पकड़ लिया।
पूछताछ के बाद निर्माणाधीन मकान में पहुंची पुलिस
पुलिस के अनुसार बताया गया कि गिरफ्तार युवकों से पूछताछ के दौरान छात्रा को छिपाकर रखने की जानकारी मिली। उनकी निशानदेही पर पुलिस पास के एक निर्माणाधीन मकान में पहुंची। तलाशी के दौरान वहां रखे एक बड़े बक्से से छात्रा को बरामद किया गया। छात्रा के सुरक्षित मिलने के बाद पुलिस और परिजनों ने राहत की सांस ली। घटना की जानकारी फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। छात्रा को वाहन से ले जाने के बाद बक्से में छिपाकर रखने की बात सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना के पीछे की वजह खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि छात्रा को जबरन वाहन में बैठाकर ले जाने के पीछे आरोपियों की क्या मंशा थी। वाहन से लेकर होटल और निर्माणाधीन मकान तक के पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि घटना में गिरफ्तार दोनों युवकों के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी। छात्रा के दादा के बयान पर मशरक थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों युवकों को गिरफ्तार कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। छात्रा के बरामद होने के बाद अब पुलिस जांच का केंद्र घटना की पूरी कड़ी और इसके पीछे की वास्तविक वजह पर है।
सारण से धर्मेन्द्र रस्तोगी की रिपोर्ट