Saran News:25 जुलाई को छात्र प्रदर्शन से पहले सारण पुलिस का बड़ा एक्शन,भड़काऊ पोस्ट मामले में महिला हिरासत में

25 जुलाई के प्रस्तावित छात्र प्रदर्शन से पहले सारण पुलिस ने फेसबुक पर भड़काऊ पोस्ट करने के आरोप में एक महिला को हिरासत में लिया है। SSP विनीत कुमार के निर्देश पर साइबर थाने में BNS और IT एक्ट के तहत FIR दर्ज की गई है।

सारण पुलिस का बड़ा एक्शन,भड़काऊ पोस्ट मामले में महिला हिरासत में- फोटो : Reporter

बिहार में 25 जुलाई को प्रस्तावित छात्र प्रदर्शन से ठीक एक दिन पहले सारण पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़ी कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर कथित रूप से उकसाऊ और भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने के आरोप में साइबर थाने की पुलिस ने एक महिला को हिरासत में लिया है। महिला पर आरोप है कि उसने डिजिटल माध्यमों के जरिए छात्रों और आम जनता को प्रदर्शन के समर्थन में भड़काने तथा शांति व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश की है।


फेसबुक वीडियो से फैली अफवाह, साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज

मामले की जानकारी देते हुए सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) विनीत कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान एक फेसबुक प्रोफाइल से आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित होना पाया गया। वीडियो में लोगों से विरोध-प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की जा रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर साइबर थाना कांड संख्या 122/26 दर्ज किया है। यह कार्रवाई भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट की संगीन धाराओं के तहत की गई है।


हिरासत में ली गई महिला से पूछताछ, बैकग्राउंड खंगालने में जुटी पुलिस

हिरासत में ली गई महिला से साइबर सेल और पुलिस की टीम गहन पूछताछ कर रही है। एसएसपी विनीत कुमार के अनुसार, पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस तरह की भड़काऊ सामग्री पोस्ट करने के पीछे महिला का मुख्य उद्देश्य क्या था और क्या इसमें किसी अन्य संगठन या असामाजिक तत्वों का हाथ है। पुलिस इस मामले में शामिल अन्य संदिग्धों की भी पहचान करने में जुटी है।


25 जुलाई के प्रदर्शन को लेकर पूरे जिले में हाई अलर्ट

गौरतलब है कि 25 जुलाई को विपक्षी दलों के समर्थन से छात्रों का राज्यव्यापी प्रदर्शन प्रस्तावित है। इसी के मद्देनजर सारण जिला प्रशासन और पुलिस पहले से ही अलर्ट मोड पर हैं। जिले में शांति और सौहार्द कायम रखने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर 24 घंटे सघन निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी तरह की भ्रामक खबर या हिंसा फैलाने वाली सामग्री को तुरंत रोका जा सके।


अफवाह फैलाने वालों को सख्त चेतावनी, पुलिस की आमजन से अपील

सारण पुलिस और जिला प्रशासन ने आम नागरिकों, युवाओं और छात्रों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि के किसी भी उकसाऊ या भ्रामक पोस्ट को शेयर न करें। पुलिस ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि अफवाह फैलाने, हिंसा भड़काने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

सारण से धर्मेन्द्र रस्तोगी की रिपोर्ट