Sonepur Mela Preparation: सारण डीएम ने की समीक्षा बैठक, मेला शुरू होने से दो दिन पहले पूरी होंगी तैयारियां

एशिया प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले की तैयारियों को लेकर सारण DMवैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई।मेला शुरू होने से दो दिन पहले सभी कार्य पूरे करने और स्वच्छता, पेयजल, सुरक्षा व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के पुख्ता इंतजाम के निर्देश

एशिया प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले की तैयारियों को लेकर सारण DM की समीक्षा बैठक- फोटो : Reporter

एशिया प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले की तैयारियों में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मेला शुरू होने से कम- से- कम दो दिन पहले सभी निर्धारित कार्य पूरे करने होंगे। साफ- सफाई, पेयजल, शौचालय, सुरक्षा, पुलिस बल के आवासन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने समयसीमा तय करने का निर्देश दिया है। शुक्रवार को सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा की गई और कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया गया।

प्रत्यक्ष एवं हाइब्रिड मोड में आयोजित बैठक में डीएम ने स्पष्ट किया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से काम करें और टेंडर से लेकर कार्यादेश तक में समयसीमा का स्पष्ट उल्लेख सुनिश्चित करें।


सफाई व्यवस्था की होगी निगरानी, गुणवत्ता जांचेगी समिति

मेला क्षेत्र में सेक्टरवार साफ- सफाई सुनिश्चित करने के लिए सैनिटेशन सुपरवाइजरों की प्रतिनियुक्ति होगी। सफाई कर्मियों की जरूरत का आकलन करने के साथ सफाई की आवृत्ति और समय- सारणी टेंडर में तय की जाएगी। इसके लिए छपरा नगर निगम के आयुक्त की अध्यक्षता में कोषांग गठित होगा, जिसमें अन्य नगर निकायों के पदाधिकारी और कर्मी भी शामिल रहेंगे।

मेला क्षेत्र में भवन निर्माण एवं अन्य संबंधित कार्यों के लिए पहले से योजना तैयार कर नियमानुसार टेंडर प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया। कार्यों की गुणवत्ता और वास्तविक स्थिति के सत्यापन के लिए उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति गठित की जाएगी। इसमें प्रशासनिक और तकनीकी पदाधिकारी शामिल होंगे, जो कार्यों की जांच कर प्रतिवेदन देंगे।


शौचालय- पेयजल और पुलिस आवासन पर जोर

मेले में पर्याप्त संख्या में शौचालय और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए संबंधित कार्यपालक अभियंताओं को टेंडर प्रक्रिया समय से पूरी करने को कहा गया। शौचालयों की नियमित सफाई और रखरखाव की व्यवस्था भी पहले से निर्धारित होगी। मेले के दौरान तैनात पुलिस बल के लिए कैंप और आवासन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। डीएम ने सभी कार्य एजेंसियों को निर्देश दिया कि मेला शुरू होने से पहले तैयारियां पूरी कर ली जाएं, ताकि आयोजन के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो। लिटरेरी फेस्टिवल, बुक फेयर और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी


सोनपुर मेले को आकर्षक बनाने के लिए लिटरेरी

फेस्टिवल और बुक फेयर की तैयारियां भी समय से पूरी करने को कहा गया। प्रकाशकों की सहभागिता, आयोजन की रूपरेखा और समय- सारणी पहले से निर्धारित की जाएगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए उच्च स्तरीय कलाकारों का चयन कर पर्यटन विभाग तथा कला- संस्कृति विभाग के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा। कार्यक्रमों में लोकगीत, सूफी संगीत और भक्ति संगीत सहित विभिन्न विधाओं को शामिल करने पर जोर दिया गया।


सरकारी स्टॉल से खाद्य सुरक्षा तक की तैयारी

मेला परिसर में सरकारी प्रदर्शनियों, विभागीय स्टॉल और व्यावसायिक दुकानों के सुव्यवस्थित संचालन के लिए संबंधित अधिकारियों को पहले से समन्वय करने का निर्देश दिया गया। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग को खाद्य सुरक्षा निरीक्षकों के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई समय से पूरी करने को कहा गया। डीएम ने सभी पदाधिकारियों को समयबद्धता, स्वच्छता, आपसी समन्वय और गुणवत्तापूर्ण व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया, ताकि हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले का आयोजन सुव्यवस्थित हो और आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

सारण से धर्मेन्द्र रस्तोगी की रिपोर्ट