Bihar School Bus Crash: बिहार में स्कूल टूर बस बनी मौत की सवारी, ट्रक से भीषण टक्कर में दो शिक्षकों की दर्दनाक मौत, कई बच्चे जख्मी
Bihar School Bus Crash: स्कूली बच्चों को शैक्षणिक टूर पर पटना ले जा रही बस खून से लथपथ मंजर में तब्दील हो गई।
Bihar School Bus Crash: बिहार से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां स्कूली बच्चों को शैक्षणिक टूर पर पटना ले जा रही बस खून से लथपथ मंजर में तब्दील हो गई। रोहतास जिले के परसथुआ थाना क्षेत्र में मोहनिया-आरा पथ पर तेज रफ्तार ट्रक से हुई सीधी भिड़ंत ने खुशियों को मातम में बदल दिया। इस भीषण टक्कर में दो शिक्षकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक मासूम बच्चे जख्मी हो गए।
हादसा उस वक्त हुआ जब कैमूर जिले के चैनपुर स्थित मध्य विद्यालय बढोना से छात्र-छात्राएं और शिक्षक टूर के लिए रवाना हुए थे। बस जैसे ही परसथुआ के पास पहुंची, सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि बस का अगला हिस्सा चकनाचूर हो गया और चीख-पुकार से पूरा इलाका दहल उठा।
इस दर्दनाक हादसे में विशिष्ट शिक्षक संजय कुमार राय, जो कैमूर के भैंसहर गांव के निवासी थे, और बीएससी शिक्षक पुनीत कुमार सिंह, जो उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के बगहवा गांव के रहने वाले थे, ने दम तोड़ दिया। दोनों की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया है।
घटना में घायल हुए बच्चों को तत्काल सासाराम के सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई। वहीं घायल शिक्षकों—विपिन पांडे, सियानंद पटेल, लोरी सिंह और महिला शिक्षिका ललिता कुमारी का इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक सभी की हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन हादसे का खौफ बच्चों के चेहरों पर साफ झलक रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मोहनिया-आरा पथ पर भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार अक्सर हादसों को दावत देती है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और ड्राइवर की तलाश में दबिश दी जा रही है। एक मासूम सैर का सपना सड़क पर बिखर गया। सवाल वही क्या लापरवाह रफ्तार पर लगाम कब लगेगी, या सड़कें यूं ही खामोश कत्लगाह बनती रहेंगी?
रिपोर्ट- रंजन कुमार