Bihar News : सासाराम में ‘नीतीश संवाद’ कार्यक्रम में शामिल हुए मंत्री डॉ. अशोक चौधरी, गिनाईं सुशासन के 21 वर्षों की उपलब्धियां

Bihar News : सुशासन दिवस के अवसर पर रोहतास जिले के प्रभारी मंत्री एवं बिहार सरकार के मंत्री डॉ. अशोक चौधरी ने सासाराम में आयोजित ‘नीतीश संवाद’ कार्यक्रम में सहभागिता की।

सासाराम पहुंचे अशोक चौधरी - फोटो : SOCIAL MEDIA

SASARAM : सुशासन दिवस के अवसर पर रोहतास जिले के प्रभारी मंत्री एवं बिहार सरकार के मंत्री डॉ. अशोक चौधरी ने सासाराम में आयोजित ‘नीतीश संवाद’ कार्यक्रम में सहभागिता की। यह कार्यक्रम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में सुशासन के 21 वर्षों की गौरवशाली यात्रा, विकास की उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जेडीयू द्वारा आयोजित किया गया।

इस अवसर पर डॉ. अशोक चौधरी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दूरदर्शी नेतृत्व में बिहार ने पिछले 21 वर्षों में विकास, सुशासन, सामाजिक न्याय और समावेशी प्रगति के क्षेत्र में एक नई पहचान स्थापित की है। राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, महिला सशक्तीकरण, कृषि, आधारभूत संरचना तथा सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्रों में हुए व्यापक बदलाव बिहार की विकास यात्रा के महत्वपूर्ण पड़ाव हैं।

उन्होंने कहा कि सुशासन का अर्थ केवल प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। बिहार सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं ने समाज के सभी वर्गों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है। ‘नीतीश संवाद’ जैसे कार्यक्रम सरकार की उपलब्धियों को जनता के साथ साझा करने तथा भविष्य की विकास योजनाओं पर विचार-विमर्श करने का सशक्त माध्यम हैं। डॉ. चौधरी ने कहा कि सुशासन, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास की इस ऐतिहासिक यात्रा को और अधिक गति देने के लिए हम सभी संकल्पबद्ध हैं।

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं कार्यक्रम प्रभारी विनोद यादव, विधायक बशिष्ठ सिंह, विधायक नागेंद्र चंद्रवंशी, जदयू रोहतास जिलाध्यक्ष बिंदा चंद्रवंशी, बिहार राज्य महिला आयोग की सदस्य रजिया कामिल अंसारी, बिहार राज्य नागरिक परिषद के सदस्य चंद्रेश्वर चौधरी, प्रदेश सचिव अरुणा देवी, अनंत कुमार गुप्ता, चंदन सिंह, अशोक पटेल एवं ओम प्रकाश सेतु सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।