Bihar News : शेखपुरा के निजी क्लीनिक में प्रसव के दौरान महिला की हुई मौत, परिजनों ने डॉक्टर पर लगाया लापरवाही का आरोप
Bihar News : प्रसव के दौरान शेखपुरा के एक निजी क्लिनिक में महिला की मौत हो गयी. इस घटना के बाद परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया है.......पढ़िए आगे
SHEKHPURA : जिले के बरबीघा मुख्य बाजार स्थित एक निजी क्लीनिक में प्रसव के दौरान एक महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई. घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने क्लीनिक में हंगामा करते हुए डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया. मृतका की पहचान डकरा गांव निवासी सुशीला देवी के रूप में की गई है, जो इन दिनों अपने भाभी के घर नालंदा जिला के सारे थाना क्षेत्र के अलीनगर गाँव में रह रही थीं.
बताया जाता है कि महिला को पहले से दो बच्चे थे, जबकि बुधवार को उसने तीसरे बच्चे को जन्म दिया. बच्चे के जन्म के कुछ ही देर बाद महिला की मौत हो गई. मृतका की भाभी धर्मशिला देवी ने बताया कि मंगलवार की शाम सुशीला देवी को प्रसव पीड़ा शुरू हुई थी, जिसके बाद उन्हें बरबीघा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिजनों के अनुसार रातभर इलाज के बावजूद कोई सुधार नहीं होने पर वे बेहतर इलाज के लिए उन्हें बरबीघा बाजार स्थित डॉ. मंजू भदानी के निजी क्लीनिक में ले गए.
क्लीनिक में जांच के बाद डॉक्टर द्वारा सिजेरियन ऑपरेशन की सलाह दी गई और आश्वासन दिया गया कि ऑपरेशन के जरिए सुरक्षित प्रसव कराया जाएगा। परिजनों का कहना है कि ऑपरेशन के बाद नवजात शिशु स्वस्थ था, लेकिन महिला को देखने नहीं दिया जा रहा था, जिससे उन्हें संदेह हुआ। आरोप है कि जब परिजन जबरन अंदर गए तो महिला बेहोश अवस्था में पड़ी थी और उसके शरीर में कोई हलचल नहीं थी। हंगामा करने पर एक डॉक्टर को बुलाया गया, जहां जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया।
घटना के बाद परिजनों ने डॉक्टर पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना मिलते ही मिशन ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया जा रहा है। इस संबंध में मिशन थाना में अब तक कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। पुलिस का कहना है कि आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उमेश की रिपोर्ट