छठ पर्व पर ननिहाल आई नाबालिग से दुष्कर्म, आरोपी को पुलिस ने 48 घंटे के अंदर किया गिरफ्तार
छठ पर्व पर अपने ननिहाल आई 14 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी को 48 घंटे के भीतर वैशाली से गिरफ्तार कर लिया...
Muzaffarpur : उत्तराखंड से छठ पर्व मनाने के लिए मुजफ्फरपुर स्थित ननिहाल आई 14 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। यह घटना 16 नवंबर की सुबह की बताई जा रही है। वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हुए आरोपी को पुलिस की विशेष टीम ने महज 48 घंटे के भीतर वैशाली जिले से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सरैया क्षेत्र के गोरीगामा निवासी अंकित कुमार के रूप में हुई है।
गीले कपड़े पहुंचाने पड़ोस के घर गई थी पीड़िता, आरोपी ने अंदर बुलाकर किया दुष्कर्म
जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपने माता-पिता और भाई के साथ छठ पर्व में शामिल होने उत्तराखंड से मुजफ्फरपुर स्थित ननिहाल आई थी। सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद जब वह अपनी मां और नानी के गीले कपड़े लेकर घर लौट रही थी, तभी पड़ोस की एक महिला ने भी अपने गीले कपड़े घर पहुंचाने के लिए उसे दे दिए। पीड़िता जब कपड़े लेकर पड़ोसी के घर पहुंची तो वहां आरोपी अंकित अकेला था, जिसने उसे घर के अंदर बुलाया और जबरन दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। किसी तरह ननिहाल पहुंची बच्ची ने परिजनों को आपबीती सुनाई, जिसके बाद परिजन आरोपी के घर पहुंचे लेकिन वह फरार हो चुका था।
एफएसएल जांच और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल (FSL) टीम को बुलाकर घटनास्थल से खून के धब्बे समेत अन्य अहम साक्ष्य संकलित किए। पीड़िता को उपचार और चिकित्सीय जांच के लिए एसकेएमसीएच (SKMCH) भेजा गया। एसडीपीओ सरैया अभिजीत कौर ने बताया कि 16 नवंबर को सूचना मिलने के बाद एसएसपी के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को वैशाली जिले के हरिलोचनपुर थाना क्षेत्र के लखनीपुर मोदा इलाके से 48 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मेडिकल जांच, एफएसएल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
मनीभूषण की रिपोर्ट