Bihar News : शेखपुरा सदर अस्पताल में प्रसूता और नवजात की मौत के बाद बवाल, परिजनों ने तोड़ा शीशे का दरवाजा, पूर्व विधायक ने रोस्टर पर उठाए सवाल

Bihar News : शेखपुरा सदर अस्पताल में नॉर्मल डिलीवरी के बाद प्रसूता और नवजात शिशु की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है......पढ़िए आगे

सदर अस्पताल में बवाल - फोटो : UMESH

SHEKHPURA : शेखपुरा सदर अस्पताल में नॉर्मल डिलीवरी के बाद प्रसूता और नवजात बच्चे दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है। गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया और शीशे के दरवाजे में तोड़फोड़ की। इस दौरान मृतका के पति भी घायल हो गए मृतका की पहचान काशीपुरम मोहल्ला निवासी गिरीश पांडेय की पुत्री 30 वर्षीय राखी देवी उर्फ राजकुमारी देवी के रूप में हुई है।

परिजनों के मुताबिक, शनिवार दोपहर 3 बजे प्रसव पीड़ा होने पर महिला को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शनिवार की रात करीब 3 बजे महिला का नॉर्मल प्रसव कराया गया। महिला ने पुत्र को जन्म दिया था, लेकिन प्रसव के बाद ब्लीडिंग होने लगी। परिजनों ने स्वास्थ्यकर्मियों पर उचित देखभाल नहीं करने और समय पर इलाज नहीं मिलने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का आरोप है कि स्वास्थ्यकर्मियों की कथित लापरवाही के कारण पहले प्रसूता और फिर नवजात की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आदर्श थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और मामले की जांच में जुट गई।

इधर, घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक विजय सम्राट भी सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने जच्चा-बच्चा की मौत पर गहरी नाराजगी जताई और चिकित्सकों की अनुपस्थिति तथा अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने दोषी चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पूर्व विधायक ने अस्पताल में लगे ड्यूटी रोस्टर पर भी सवाल उठाया। उनका कहना था कि इमरजेंसी के पास 30 सितंबर का पुराना रोस्टर लगा हुआ है, जो स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। पत्रकारों के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह मौत नहीं बल्कि लापरवाही के कारण हुई हत्या है.

गौरतलब है कि महज दो दिन पहले ही डीएम शेखर आनंद और एसपी हिमांशु कुमार ने देर रात सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया था। उस दौरान भी इमरजेंसी ड्यूटी में चिकित्सक की लापरवाही सामने आने की बात कही गई थी। इसके बावजूद जच्चा-बच्चा की मौत की घटना सामने आने से स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल, घटना के बाद अस्पताल में तनाव का माहौल है। परिजन दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं, मामले में पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की जांच तथा आधिकारिक पक्ष का इंतजार है।

उमेश की रिपोर्ट