नीतीश कुमार का बड़ा फैसला ! परिसीमन पर JDU ने सांसदों को जारी किया थ्री लाइन व्हिप, सबको करना होगा यह काम

जदयू संसदीय दल की ओर से 27 नवंबर को जारी पत्र में कहा गया है कि इन चार दिनों के दौरान लोकसभा में कुछ महत्वपूर्ण विधायी कार्यों पर चर्चा और उन्हें पारित कराने की कार्यवाही हो सकती है। ऐसे में सभी सांसदों को उपस्थित रहना अनिवार्य है

JDU Issues Three-Line Whip
JDU Issues Three-Line Whip- फोटो : news4nation

Delimitation Bill :  संसद के शीतकालीन सत्र में परिसीमन से जुड़े प्रस्तावों पर संभावित राजनीतिक टकराव के बीच नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने अपनी संसदीय टीम को स्पष्ट संदेश दिया है। पार्टी ने लोकसभा के सभी सांसदों को 30 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक सदन में अनिवार्य रूप से मौजूद रहने के लिए तीन लाइन का व्हिप जारी किया है। सांसदों से सरकार के पक्ष का समर्थन करने को भी कहा गया है।


जदयू संसदीय दल की ओर से 27 नवंबर को जारी पत्र में कहा गया है कि इन चार दिनों के दौरान लोकसभा में कुछ महत्वपूर्ण विधायी कार्यों पर चर्चा और उन्हें पारित कराने की कार्यवाही हो सकती है। इसलिए पार्टी के सभी सांसद पूरे समय सदन में उपस्थित रहें और सरकार के पक्ष का समर्थन करें। पत्र पर पार्टी के मुख्य सचेतक सुनील कुमार के हस्ताक्षर हैं। तीन लाइन का व्हिप जारी होना इस बात का संकेत है कि आगामी संसदीय कार्यवाही को पार्टी गंभीरता से ले रही है। खासकर परिसीमन के मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बढ़ती राजनीतिक खींचतान के मद्देनजर सांसदों की मौजूदगी और एकजुटता महत्वपूर्ण हो सकती है।



बिहार की 40 से बढ़कर 60 हो सकती हैं लोकसभा सीटें

पार्टी का यह निर्देश ऐसे समय आया है, जब केंद्र सरकार 30 नवंबर से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में परिसीमन से जुड़े संशोधित विधेयक पेश करने की तैयारी में है। प्रस्ताव के तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 543 से बढ़ाकर 850 करने की योजना है। इसमें राज्यों के लिए 815 और केंद्रशासित प्रदेशों के लिए 35 सीटों का प्रावधान प्रस्तावित है। 

 

बिहार को मिल सकती हैं 20 अतिरिक्त सीटें

परिसीमन के नए प्रस्ताव के मुताबिक सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की योजना है। इसका सीधा असर बिहार के संसदीय प्रतिनिधित्व पर भी पड़ेगा। प्रस्तावित आंकड़ों के अनुसार बिहार में लोकसभा सीटों की संख्या 40 से बढ़कर 60 हो सकती है। यानी राज्य को 20 अतिरिक्त सीटें मिल सकती हैं। उत्तर प्रदेश में 80 से 120, महाराष्ट्र में 48 से 72 और पश्चिम बंगाल में 42 से 63 सीटें होने का प्रस्ताव है। हालांकि, ये प्रस्तावित आंकड़े हैं, अंतिम सीटों का निर्धारण विधायी प्रक्रिया और परिसीमन के बाद ही होगा। 

 

दो-तिहाई बहुमत के लिए NDA का गणित

परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए सरकार को संसद में विशेष बहुमत की जरूरत होगी। यही वजह है कि सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों अपने-अपने सांसदों को एकजुट करने में जुटे हैं। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, 540 सदस्यों वाली मौजूदा लोकसभा में तीन सीटें खाली हैं। यदि सभी 540 सांसद मतदान करते हैं तो विधेयक के पक्ष में 360 वोटों की जरूरत होगी। वहीं, BJP के नेतृत्व वाले NDA के पास करीब 320 सांसदों का समर्थन बताया जा रहा है। इस लिहाज से उसे 40 अतिरिक्त वोटों की जरूरत पड़ सकती है। 

 

इस गणित में जदयू के 12 सांसद भी NDA के साथ हैं। इसके अलावा DMK के 22, शरद पवार की NCP (SP) के 8 और YSRCP के 4 सांसदों के समर्थन की चर्चा है। इन तीनों दलों के समर्थन को जोड़ने पर NDA का संभावित आंकड़ा 354 तक पहुंच सकता है। यानी सभी सांसदों के मतदान की स्थिति में भी 360 के आंकड़े से छह वोट कम रहेंगे। हालांकि, सदन में उपस्थिति, अनुपस्थिति और मतदान से अंतिम गणित बदल सकता है। 

 

विपक्ष की कोशिश, सहयोगियों को अपने पाले में लाने की

दूसरी ओर, INDIA गठबंधन इस विधेयक के खिलाफ विपक्षी दलों को एकजुट करने की कोशिश कर रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने DMK प्रमुख एमके स्टालिन से मुलाकात की पहल की है। कांग्रेस नेतृत्व चाहता है कि DMK अपने समर्थन पर दोबारा विचार करे। हालांकि, DMK ने संशोधित प्रस्ताव का समर्थन करने का फैसला किया है। पार्टी का कहना है कि सभी राज्यों की सीटों में समान अनुपात से बढ़ोतरी और 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच सीटों का अनुपात 25 साल तक बरकरार रखने की उसकी मांग स्वीकार की गई है। शरद पवार की NCP (SP) ने भी संशोधित प्रस्ताव को समर्थन देने की बात कही है। ऐसे में कांग्रेस के सामने अपने सहयोगियों को एक मंच पर बनाए रखने की चुनौती है। 

 

30 नवंबर से शुरू होगा अहम सत्र

संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक प्रस्तावित है। लोकसभा की कार्यवाही में परिसीमन से जुड़े संशोधित विधेयक और महिला आरक्षण से संबंधित संविधान संशोधन प्रस्ताव शामिल हैं। नए प्रस्ताव के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का रास्ता भी तैयार करने की बात कही गई है।