Bihar News : शेखपुरा में लिफ्ट देने के बहाने बदमाश ने नाबालिग छात्रा से कार में किया दुष्कर्म, पुलिस ने आरोपी को लखीसराय से किया गिरफ्तार

Bihar News : बिहार के शेखपुरा जिले में लिफ्ट देने के बहाने एक नाबालिग छात्रा को स्कॉर्पियो कार में बैठाकर उसके साथ दुष्कर्म करने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है।

छात्रा से दुष्कर्म - फोटो : UMESH

SHEKHPURA : जिले में लिफ्ट देने के बहाने एक नाबालिग छात्रा को कार में बैठाकर उसके साथ दुष्कर्म करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने छात्रा को बेहोशी की हालत में पचना गांव के समीप सड़क किनारे छोड़ दिया और फरार हो गया। किसी तरह घर पहुंची छात्रा ने जब परिजनों को आपबीती सुनाई तो थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए शेखपुरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज 12 घंटे के भीतर आरोपी को लखीसराय से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो गाड़ी और आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। शनिवार को एसडीपीओ कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में एसडीपीओ डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार की शाम शहर के आरडी कॉलेज मोड़ पर एक छात्रा कोचिंग समाप्त होने के बाद घर जाने के लिए सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान जखराज स्थान निवासी अमृत कुमार उर्फ अमित कुमार अपनी स्कॉर्पियो से वहां पहुंचा और छात्रा को घर छोड़ने के बहाने लिफ्ट देने की पेशकश की। छात्रा ने पहले अपने परिजनों से बात कराने की शर्त रखी। इसके बाद आरोपी ने अपने मोबाइल फोन से छात्रा के परिजनों को कॉल किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। आरोपी ने छात्रा को सुरक्षित घर पहुंचाने का भरोसा दिलाया, जिसके बाद वह उसकी गाड़ी में बैठ गई। आरोप है कि घर पहुंचाने के बजाय आरोपी गाड़ी को भदौस मोड़ से आगे मदारी रोड की ओर सुनसान इलाके में ले गया और कार के अंदर ही छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी ने छात्रा को बेहोशी की हालत में पचना गांव के समीप झारखंड मंदिर मोड़ के पास सड़क किनारे छोड़ दिया और वहां से फरार हो गया। किसी तरह घर पहुंची छात्रा ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद रात में ही थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।

एसपी ने गठित की एसआईटी, रात में ही शुरू हुई छापेमारी

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी हिमांशु कुमार ने तत्काल एसडीपीओ डॉ. राकेश कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया। टीम में साइबर डीएसपी, सदर थानाध्यक्ष, महिला थानाध्यक्ष और टेक्निकल सेल के पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। देर रात पुलिस को पता चला कि आरोपी लखीसराय जिले के जमुई मोड़ स्थित मुन्ना सिंह के मकान में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां छापेमारी कर अमृत कुमार उर्फ अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया और उसे शेखपुरा ले आई।

आरोपी का मोबाइल कॉल बना गिरफ्तारी की अहम कड़ी

इस मामले के त्वरित उद्भेदन में आरोपी का मोबाइल फोन पुलिस के लिए सबसे महत्वपूर्ण कड़ी साबित हुआ। दरअसल, छात्रा को गाड़ी में बैठाने से पहले आरोपी ने अपने मोबाइल से उसके परिजनों को फोन किया था। हालांकि परिजनों ने उस समय फोन रिसीव नहीं किया, लेकिन आरोपी द्वारा किए गए इसी कॉल ने पुलिस को उसके मोबाइल नंबर तक पहुंचा दिया। पुलिस ने मोबाइल नंबर को तकनीकी जांच के दायरे में लेकर उसकी लोकेशन ट्रेस की और कुछ ही घंटों में आरोपी तक पहुंच गई। पुलिस ने आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो गाड़ी भी जब्त कर ली है।

मेडिकल जांच के बाद एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

एसडीपीओ ने बताया कि पीड़िता की मेडिकल जांच कराई गई है। इसके साथ ही एफएसएल की टीम ने घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन और घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। एसडीपीओ ने बताया कि कांड का स्पीडी ट्रायल कराते हुए 15 दिनों के भीतर आरोपी के विरुद्ध न्यायालय में आरोपपत्र समर्पित करने का प्रयास किया जाएगा। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी जखराज स्थान निवासी शशिभूषण सिंह का पुत्र है। बताया जाता है कि वह कुछ वर्ष पहले तक दलाली का काम भी करता था।

उमेश की रिपोर्ट