Bihar News : शेखपुरा के होटल में पटना के छात्र की संदिग्ध मौत, परीक्षा देने की बात कहकर रुका था, इकलौते बेटे की मौत से जहानाबाद में पसरा मातम
Bihar News : शेखपुरा शहर के स्टेशन रोड स्थित एक होटल के कमरे में 18 वर्षीय छात्र प्रिंस राज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है.......पढ़िए आगे
SHEKHPURA : शहर के स्टेशन के समीप स्थित एक होटल में मंगलवार की रात प्रिंस राज नामक 18 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी बुधवार की सुबह उस समय हुई, जब काफी देर तक होटल के कमरे का दरवाजा नहीं खुला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच जारी है। मृतक की पहचान जहानाबाद के पचमहला मोहल्ला निवासी नींबू विक्रेता गुड्डू कुमार के पुत्र प्रिंस राज के रूप में हुई है। वह परिवार का इकलौता पुत्र था और पटना में रहकर 12वीं की पढ़ाई कर रहा था।
पुलिस को सूचना
टाउन थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि छात्र मंगलवार की रात होटल पहुंचा था और होटल रजिस्टर में अपना नाम, मोबाइल नंबर तथा अन्य विवरण दर्ज कराया था। बुधवार की सुबह कमरे से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर होटल कर्मियों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने कमरे की जांच की और छात्र को मृत अवस्था में पाया। पुलिस के अनुसार, होटल रजिस्टर में दर्ज मोबाइल नंबर के आधार पर परिजनों से संपर्क किया गया। होटल कर्मियों ने बताया कि छात्र ने स्वयं को परीक्षा के सिलसिले में शेखपुरा आने की बात कही थी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
पिता को बेटे के शेखपुरा आने की नहीं थी जानकारी
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के घर में मातम पसर गया। पिता गुड्डू कुमार ने बताया कि उनका पुत्र पटना के राजेंद्र नगर इलाके में रहकर पढ़ाई करता था। वह शेखपुरा कब और किस उद्देश्य से पहुंचा, इसकी जानकारी परिवार को नहीं थी। उन्होंने बताया कि वे जहानाबाद बाजार में नींबू बेचकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं और बेटे की पढ़ाई के लिए हर संभव प्रयास कर रहे थे। घटना की जानकारी उन्हें पुलिस के माध्यम से मिली।
पुलिस कर रही है सभी पहलुओं की जांच
परिजनों ने आशंका जताई है कि छात्र का शेखपुरा आने का संबंध उसकी निजी पहचान और परिचितों से मुलाकात से जुड़ा हो सकता है। हालांकि पुलिस ने किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले मामले की विस्तृत जांच की बात कही है।
युवाओं से संवाद और सहयोग लेने की अपील
जिले में युवाओं के बीच बढ़ते मानसिक तनाव को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए डॉ राकेश कुमार ने कहा कि जीवन में आने वाली कठिन परिस्थितियां स्थायी नहीं होतीं और उनका समाधान बातचीत, धैर्य तथा सही मार्गदर्शन से निकाला जा सकता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि यदि वे किसी प्रकार के तनाव, निराशा या भावनात्मक दबाव का सामना कर रहे हों तो माता-पिता, शिक्षकों, मित्रों या किसी विश्वसनीय व्यक्ति से खुलकर बात करें। समय पर मिला सहयोग और मार्गदर्शन कई कठिन परिस्थितियों को बदल सकता है।
उमेश की रिपोर्ट