Bihar News : शेखपुरा रेलवे स्टेशन के अधिकारियों पर ब्लैक में तत्काल टिकट बेचने का आरोप, भाजपा नेता का गार्ड लाइन में रह गया खड़ा और दलालों की कट गई चांदी
SHEKHPURA : शेखपुरा रेलवे स्टेशन के तत्काल टिकट काउंटर पर उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब यात्रियों ने टिकट वितरण में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि लाइन में सबसे आगे खड़े यात्रियों को टिकट नहीं मिला, जबकि अंदरखाने से खास लोगों के टिकट काटे गए।सांसद प्रतिनिधि और दानापुर रेल मंडल के परामर्शदात्री समूह के सदस्य विपिन मंडल ने बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि उनका गार्ड रात दो बजे से लाइन में पहले नंबर पर खड़ा था। लेकिन जब बुकिंग शुरू हुई तो स्टेशन प्रबंधक रमेश चंद्र सिंहा खुद काउंटर के अंदर पहुंचे और कथित तौर पर अपनी पत्नी के नाम का टिकट कटा लिया।
इतना ही नहीं, बुकिंग क्लर्क सुनील चौधरी पर भी दलालों को प्राथमिकता देने और टिकट ब्लैक कराने का आरोप लगा है। यात्रियों का कहना है कि नंबर में लगे आम लोगों को टिकट नहीं मिलता, जबकि दलालों को आसानी से तत्काल टिकट मिल जाता है। मौके पर तैनात जीआरपी जवान दिनेश कुमार ने भी स्वीकार किया कि सांसद प्रतिनिधि का गार्ड लाइन में पहले नंबर पर था और उसे टिकट नहीं मिला।
पूरे मामले की तस्वीरें लेकर उच्च अधिकारियों को भेज दी गई हैं। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर दानापुर रेल मंडल के डीआरएम और रेल मंत्रालय तक शिकायत दर्ज करा दी गई है। हालांकि स्टेशन प्रबंधक ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें निराधार बताया है।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या शेखपुरा स्टेशन पर तत्काल टिकट में खेल हो रहा है? क्या दलालों के आगे आम यात्री बेबस हैं? आखिर जब बीजेपी नेताओं की नहीं सुनी जाती है तो सोचिए आम आदमी की दशा क्या होगी? देखना होगा कि रेलवे प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।
उमेश की रिपोर्ट