सुबह टहलने निकले पैक्स अध्यक्ष की खेत में मिली लाश, इलाके मे सनसनी

Sheikhpura:-जिले के बरबीघा थाना क्षेत्र अंतर्गत बबनबीघा गांव के खंधे में आज शुक्रवार को पैक्स अध्यक्ष की लाश मिलने से इलाके में सनसनी मच गई. मृतक व्यक्ति की पहचान बरबीघा प्रखंड के पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सह वर्तमान जदयू नेता सुरेश प्रसाद सिंह के पुत्र संजीत कुमार के रूप में की गई है. संजीत कुमार प्रखंड क्षेत्र के सामस खुर्द पंचायत के पैक्स अध्यक्ष थे.


बताया जा रहा है कि प्रत्येक दिन की भांति सुबह-सुबह वे खेतों की तरफ टहलने के लिए निकले थे.लेकिन सुबह  करीब 11:00 के आसपास एक खेत मे उनकी लाश मिलने की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. 


जानकारी के अनुसार लाश को सबसे पहले खेतों में भूषा ढो हो रहे एक युवक ने देखा. युवक को शुरुआत में लगा कि कोई शराबी नशे में धुत होकर खेतों में गिरा हुआ है.युवक ने ही इसकी सूचना अन्य ग्रामीणों को दी. इसके बाद काफी संख्या में ग्रामीण वहां पहुंचे और पाया कि खेत मे कोई शराबी नहीं बल्कि किसी की लाश पड़ी हुई है. खबर तुरंत जंगल में आग की तरह फैल गई. तुरंत डायल 112 और बरबीघा थाना को इस संबंध में सूचित किया गया. पुलिस की मौजूदगी में ही गांव वालों के द्वारा लाश की पहचान संजीत कुमार के रूप में की गई. 


घटना की सूचना मिलते ही जदयू नेता सुरेश प्रसाद सिंह अपने परिवार वालों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे.बेटे की लाश देखकर वहीं पर दहाड़ मार कर रोने लगे. बरबीघा थाना अध्यक्ष द्वारा तुरंत घटना की जानकारी जिले के एसपी और एएसपी को दी गई. तुरंत दोनों वरीय पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे.मौके पर एफएसएल की टीम को बुलाकर समुचित जांच करवाई गई.इसके बाद पुलिस ने लाश को जप्त कर पोस्टमार्टम के लिए शेखपुरा सदर अस्पताल भेज दिया. 


मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक बलराम कुमार चौधरी ने बताया कि पुलिस घटना की सभी पहलुओं पर गहनता से जांच पड़ताल कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद प्राथमिकी दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी.


वही घटना को लेकर मृतक के पिता सुरेश प्रसाद सिंह ने बताया कि उनके बेटे को किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं थी. उन्होंने आशंका जाहिर किया है कि सुबह टहलने के दौरान किसी ने उनके पुत्र की हत्या कर लाश को खेत में फेंक दिया है.उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मामले में त्वरित और निष्पक्ष जांच करने की मांग की है.


गौरतलब हो की मृतक संजीत कुमार बरबीघा नगर परिषद के वर्तमान नगर उपाध्यक्ष निधि कुमारी के रिश्ते में जेठ लगेंगे. घटना को लेकर पूर्व नगर अध्यक्ष अजय सिंह, समाजसेवी अरविंद कुमार, संतोष कुमार शंकु, पवन सिंह, व्यापार मंडल के अध्यक्ष निर्मला देवी सहित अन्य लोगों ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है.