Bihar News : सीतामढ़ी में डायल 112 की गाड़ी में मिली नेपाली शराब, एसपी ने तीन पुलिसकर्मियों को किया सस्पेंड

Bihar News : सीतामढ़ी में आपातकालीन सहायता के लिए तैनात 112 डायल गाड़ी में नेपाली शराब की मौजूदगी को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं और संदेह उत्पन्न हो रहे हैं।

डायल 112 की गाडी में शराब - फोटो : AVINASH

SITAMARHI : सीतामढ़ी जिले के सुप्पी थाना क्षेत्र अंतर्गत ससौला सरकारी अस्पताल के समीप एक सड़क हादसे के बाद हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, आपातकालीन सेवा 112 डायल की पुलिस गाड़ी ने एक बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बाइक सवार को तत्काल इलाज के लिए ससौला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश भड़क उठा। ग्रामीणों का आरोप है कि दुर्घटना को अंजाम देने के बाद 112 डायल वाहन में सवार सभी पुलिसकर्मी मौके से फरार हो गए। पुलिसकर्मियों के कथित रूप से गायब होने के बाद आक्रोशित लोगों ने घटनास्थल पर जमकर हंगामा किया और विरोध जताया। हंगामे के बीच एक चौंकाने वाली बात सामने आई है, जिसमें स्थानीय लोगों द्वारा 112 डायल पुलिस वाहन में रखी नेपाली शराब लूट लिए जाने का दावा किया जा रहा है। इस घटनाक्रम ने पुलिस की कार्यप्रणाली और जवाबदेही पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

आपातकालीन सहायता के लिए तैनात 112 डायल गाड़ी में नेपाली शराब की मौजूदगी को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं और संदेह उत्पन्न हो रहे हैं। लोगों के बीच यह सवाल भी तैर रहा है कि आखिर वाहन में शराब कहां से आई, क्या पुलिसकर्मियों को इसकी भनक थी या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, जिसकी सच्चाई जांच के बाद ही सामने आ पाएगी।

पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमित रंजन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। साथ ही, घटना की निष्पक्ष और विस्तृत जांच के लिए डीएसपी-1 को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अविनाश की रिपोर्ट