Bihar CRPF President Medal: सीवान से उठी शौर्य की रौशनी! गुवाहाटी की भव्य परेड में सीआरपीएफ आईजी अमितेन्द्र नाथ सिन्हा को राष्ट्रपति पदक, देश की सुरक्षा पर लौह मुहर

Bihar CRPF President Medal: राष्ट्रीय सुरक्षा की सियासत में जब समर्पण, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की बात होती है, तो कुछ नाम अपने आप सुर्खियों में आ जाते हैं। अमितेन्द्र नाथ सिन्हा उन्हीं में से एक हैं। ...

सीवान के रहने वाले सीआरपीएफ आईजी अमितेन्द्र नाथ सिन्हा को राष्ट्रपति पदक- फोटो : Hiresh Kumar

Bihar CRPF President Medal: राष्ट्रीय सुरक्षा की सियासत में जब समर्पण, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की बात होती है, तो कुछ नाम अपने आप सुर्खियों में आ जाते हैं। अमितेन्द्र नाथ सिन्हा उन्हीं में से एक हैं। बिहार के सीवान जिले के मूल निवासी और ओडिशा में पदस्थापित सीआरपीएफ आईजी को गुवाहाटी में आयोजित भव्य परेड के दौरान राष्ट्रपति पदक से नवाज़ा गया। यह सम्मान उन्हें सुरक्षा बल में दीर्घकालिक उत्कृष्ट, समर्पित और विशिष्ट सेवा के लिए प्रदान किया गया एक ऐसा तमगा, जो केवल असाधारण नेतृत्व और राष्ट्रीय सुरक्षा में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया जाता है।

यह पदक भारत के राष्ट्रपति द्वारा गणतंत्र दिवस या स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर घोषित किया जाता है और बाद में औपचारिक परेड में प्रदान किया जाता है। गुवाहाटी में आयोजित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की भव्य परेड में वरिष्ठ अधिकारियों, जवानों और आमंत्रित अतिथियों की मौजूदगी में जब उनका नाम पुकारा गया, तो पूरा मैदान तालियों से गूंज उठा। अनुशासन, शौर्य और दक्षता का शानदार प्रदर्शन इस समारोह की शान बना।

ओडिशा कैडर के आईपीएस अधिकारी अमितेन्द्र नाथ सिन्हा वर्तमान में सीआरपीएफ में आईजी के पद पर तैनात हैं। अपनी साफ-सुथरी छवि और बेदाग सेवा रिकॉर्ड के लिए वे जाने जाते हैं। उनका यह सम्मान सिर्फ व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे बल के लिए इज़्ज़त और एतबार का प्रतीक है। सुरक्षा के मोर्चे पर डटे जवानों के लिए यह पदक एक पैगाम है कि कर्तव्यपरायणता कभी अनदेखी नहीं जाती।

मूल रूप से बिहार के सीवान जिले के बंगरा गांव के निवासी सिन्हा ऐसे परिवार से आते हैं, जिसकी जड़ें आज़ादी की लड़ाई से जुड़ी रही हैं। बंगरा गांव को स्वतंत्रता सेनानियों का गांव कहा जाता है। वे दिवंगत स्वतंत्रता सेनानी रामलखन सिंह के वंशज हैं। उनके पिता डॉ. यतीन्द्र नाथ सिन्हा एक प्रतिष्ठित होम्योपैथिक चिकित्सक और Homeopathic Medical Association of India के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रह चुके हैं, जबकि उनकी माता बच्ची देवी सेवानिवृत्त शिक्षिका हैं। उनके भाई समीतेंद्र नाथ सिन्हा एक आर्किटेक्ट इंजीनियर हैं।

सीआरपीएफ को देश की आंतरिक सुरक्षा की रीढ़ माना जाता है। ऐसे में यह सम्मान न सिर्फ एक अधिकारी के करियर की बुलंदी है, बल्कि यह संदेश भी है कि देश की हिफाज़त में खड़े सिपाहियों की मेहनत और वफादारी को राष्ट्र सलाम करता है।

रिपोर्ट- हीरेश कुमार