सिवान में दुकानदार नदीम हुसैन की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत: पत्नी के आवेदन पर हत्या की FIR दर्ज

दुकानदार की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत- फोटो : ताबिश इरशाद

Siwan :  जिले के जीबी नगर (गौतमबुद्ध नगर) थाना क्षेत्र के अलावलपुर निवासी दुकानदार नदीम हुसैन की आग में झुलसकर हुई संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक की पत्नी खुशबू निशा के लिखित आवेदन के आधार पर पुलिस ने जीबी नगर थाने में कांड संख्या 548/2026, दिनांक 05 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(2) एवं 336 के तहत हत्या समेत गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। 


दुकान में आग लगने की सूचना मिलने पर परिजन पहुंचे मौके पर

थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, 4 नवंबर की रात करीब 7 से 8 बजे के बीच मृतक का परिवार गांव में मिलाद से लौटकर घर पर खाना खा रहा था। उसी दौरान गांव के पंकज कुमार ने घर आकर सूचना दी कि नदीम की दुकान में आग लग गई है और वह गंभीर रूप से झुलस गए हैं। सूचना पर जब परिजन पहुंचे तो दुकान का शटर खुला था और अंदर आग लगी हुई थी, जिसके बाद दमकल और पुलिस की मदद से आग बुझाकर नदीम को बाहर निकाला गया।


पटना ले जाने के दौरान रास्ते में तोड़ा दम, सदर अस्पताल में मृत घोषित

गंभीर रूप से झुलसे नदीम को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल सीवान ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच (PMCH) पटना रेफर कर दिया। परिजन उन्हें एंबुलेंस से पटना ले जा रहे थे, लेकिन तरैया-छपरा के पास रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर पुनः सीवान सदर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


दुकान में रखा था पेट्रोल-डीजल व जनरल स्टोर का सामान, वैज्ञानिक जांच की मांग

मृतक की जनरल स्टोर की दुकान में स्टेशनरी, खाद्य पदार्थों के अलावा पेट्रोल और डीजल भी रखा हुआ था। मृतक की पत्नी ने अपने आवेदन में स्पष्ट रूप से घटना की फॉरेंसिक और वैज्ञानिक तरीके से गहन जांच कराने की मांग की है, ताकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता चल सके और यह साफ हो सके कि किन परिस्थितियों में उनके पति की जलकर मौत हुई।


एसआई निरंजन कुमार को सौंपी गई जांच, पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने जांच का जिम्मा एसआई निरंजन कुमार को सौंपा है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने सभी संभावित पहलुओं पर गहन तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर जल्द ही आग लगने के कारणों और घटना से जुड़े सभी तथ्यों का खुलासा किया जाएगा।


ताबिश की रिपोर्ट